श्रमिकों के वेतन में न हो कटौती; बीएमएस के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा- निजी कंपनियों पर रखें नजर Dhanbad News
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से कंपनियां बंद हैं। इसके तहत कुछ कंपनियां ले ऑफ तो कुछ नो वर्क नो पे पर विचार कर रही हैं।
धनबाद, जेएनएन। भारतीय मजदूर संंघ ने देश भर के अपने पदाधिकारियों के साथ गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग की। इस दौरान सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे निजी व सार्वजनिक कंपनियों पर विशेष निगाह रखें। कंपनियां लॉकडाउन की वजह से बंद हैं। इसके तहत कुछ कंपनियां ले ऑफ तो कुछ नो वर्क नो पे पर विचार कर रही हैं।
राष्ट्रीय महामंत्री ब्रजेश उपाध्याय व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री वी सुरेंद्रम ने सभी प्रदेश महामंत्रियों को निर्देश दिया कि वे सभी निजी व सार्वजनिक कंपनियों पर निगाह रखें। हम किसी भी कीमत पर मजदूरों के वेतन से कटाैती नहीं होने दे सकते। झारखंड से प्रदेश महामंत्री बिंदेश्वरी प्रसाद ने इसमें भाग लिया।
इन पर रखें ध्यान : निजी कंपनियां ले ऑफ के तहत घर बिठाकर आधा वेतन देने की रच रहीं साजिश। सार्वजनिक कंपनियों में नो वर्क, नो पे लागू करने पर हो रहा विचार, आउटसोर्सिंग व ठेका मजदूरों के छंटनी की भी चल रही चर्चा। इन पर नजर रख किसी तरह से मजदूर की हानि न हो इसका प्रयास करना है।
प्रवासी मजदूरों का रखें ध्यान : राज्यों में प्रवासी मजदूर बड़ी संख्या में लॉक डाउन में फंस गए हैं। ऐसे मजदूरों के भोजन व आवास का ध्यान रखने का भी निर्देश दिया गया है। प्रदेश महामंत्री बिंदेश्वरी प्रसाद ने कहा कि झारखंड के सभी जिलों में ऐसे मजदूरों के लिए भोजन शिविर चल रहा है। धनबाद में भी शिविर चलाया जा रहा है। इन्हें अब ग्रामीण इलाकों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।