Bermo ByElection 2020: बेरमो में तीन बजे तक 56.3 प्रतिशत मतदान, ग्रामीण क्षेत्रों में दिखा अधिक उत्साह
Bermo ByElection 2020 बेरमो उपचुनाव को लेकर हो रहे मतदान के शाम तीन बजे तक 56.30 प्रतिशत मतदान हुआ है। जबकि 2019 के विधानसभा चुनाव में 60.85 प्रतिशत मतदान हुआ था। ग्रामीण क्षेत्र पेटरवार व जरीडीह में शहर के अपेक्षा तेजी से मतदान हो रहा है।
बोकारो, जेएनएन। Bermo ByElection 2020 बेरमो उपचुनाव को लेकर हो रहे मतदान के शाम तीन बजे तक 56.30 प्रतिशत मतदान हुआ है। जबकि 2019 के विधानसभा चुनाव में 60.85 प्रतिशत मतदान हुआ था। ग्रामीण क्षेत्र पेटरवार व जरीडीह में शहर के अपेक्षा तेजी से मतदान हो रहा है। तीन बजे तक अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदान हो चुका है। इस दौरान मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
सभी मतदाताओं को कोरेाना को लेकर मतदान केन्द्र पर हैंड गल्बस दिया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से बनाए गए गोल घेरे का उपयोग नहीं के बराबर हुआ है। मतदाता पूर्व की तरह मतदान कर रहे हैं। शाम तीन बजे तक बेरमो विधानसभा के जरीडीह प्रखंड में सबसे अधिक 62.38 प्रतिशत, बेरमो में 51.31 प्रतिशत, चंद्रपुरा में 53.56 प्रतिशत तथा पेटरवार में 65.69 प्रतिशत मतदान होने की सूचना है। मतदान को लेकर सुरक्षा इंतजाम कड़ा किया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर जैप के जवानों के साथ कहीं-कहीं केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
बेरमो विधानसभा के 468 मतदान केंद्रो पर चुनाव में 1872 मतदान कर्मियों को लगाया गया है, जबकि आरक्षित समेत 2060 मतदान कर्मी है। 51 सेक्टर पदाधिकारी, 50 माइक्रो ऑब्ज़र्वर, 6 जोनल मजिस्ट्रेट जिसमे अंचल अधिकारी बेरमो, प्रखंड विकास पदाधिकारी बेरमो, अंचल अधिकारी चंद्रपुरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी पेटरवार, अंचल अधिकारी जरीडीह एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी जरीडीह शामिल है।
मॉडल मतदान केन्द्रों पर विशेष सुविधा : उप चुनाव के लिए पूरे विधानसभा में कुल 31 मॉडल बूथ बनाया गया है, जिसमे बेरमो में 19, चंद्रपुरा में 03, पेटरवार में 07 एवं जरीडीह में 6 बूथ शामिल है। 164194 पुरुष, 148017 महिला, 1 ट्रांसजेंडर, 295 सर्विस वोटर इत्यादि शामिल है। 7502 दिव्यांगजन तथा 80 साल से अधिक उम्र के 2322 मतदाताओं ने अपना अपना मत डाल दिया था।