बिरसा मुंडा पार्क की खूबसूरती में लगेंगे चार चांद, पर्यटकों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं Dhanbad News
48 करोड़ की लागत से बिरसा मुंडा पार्क का कायाकल्प होगा। पार्क के साथ-साथ अर्बन हाट की भी सुविधा मिलेगी।
धनबाद, जेएनएन। शहर का एकमात्र नवाडीह स्थित बिरसा मुंडा पार्क अब बदला हुआ नजर आएगा। हर वो सुविधा यहां उपलब्ध होगी जिससे अभी तक धनबाद के लोग महरूम रहे हैं। 48 करोड़ की लागत से बिरसा मुंडा पार्क का कायाकल्प होगा। पार्क के साथ-साथ अर्बन हाट की भी सुविधा मिलेगी। सोमवार को इसका डीपीआर बनाकर नगर विकास विभाग को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया। इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। यह होते ही बदला हुआ बिरसा मुंडा पार्क जल्द ही सबके सामने होगा। यहां बता दें कि बिरसा मुंडा पार्क के संचालन एवं सुंदरीकरण का जिम्मा नगर निगम को मिला है। नवाडीह हीरक रोड के बगल स्थित बिरसा मुंडा पार्क शहर का एकमात्र पिकनिक स्पॉट है, जिसे वल्र्ड क्लास का पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है।
वैवाहिक आयोजन भी होंगेः बिरसा मुंडा पार्क को अत्याधुनिक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें पार्किंग, दुकानें, अर्बन हाट, चिल्ड्रन प्ले एरिया व पार्क, फूड प्लाजा, म्यूजिकल फाउंटेन, वैवाहिक समारोह वेन्यू, आर्ट थियेटर आदि सुविधाएं मिलेंगी। लोग वैवाहिक कार्यक्रम भी बुक करा सकेंगे। पार्क का आधुनिकीकरण करने के दौरान बिरसा मुंडा का स्मारक बनाया जाएगा। यह आकर्षण का केंद्र होगा। इसके अलावा बोटिंग, ग्रीन एरिया, दो वैवाहिक समारोह वेन्यू समेत बच्चों के लिए मनोरंजन स्थल भी होगा।
लेजर फाउंटेन का उठा सकेंगे लुत्फः बिरसा मुंडा पार्क में आने वाले जल्द ही लेजर फाउंटेन का आनंद उठा पाएंगे। नगर निगम ने पार्क में अत्याधुनिक लेजर फाउंटेन बनाया गया है, जिसमें देश भक्ति व फिल्मी गानों पर लेजर शो दिखाया जाएगा। हालांकि इसके लिए अभी कुछ दिन इंतजार करना पड़ेगा। अभी बिजली का काम चल रहा है। बिजली का कनेक्शन जुड़ जाने के बाद लेजर फाउंटेन को चालू कर दिया जाएगा।
छह जोन में होगा आधुनिकरण
जोन एक - पार्किंग, इंट्रेंस प्लाजा, दुकानें
जोन दो - अर्बन हाट
जोन तीन - चिल्ड्रन प्ले एरिया व पार्क
जोन चार - वाटर बोटिंग, मनोरंजन एक्टिविटी सेंटर
जोन पांच - फूड प्लाजा
जोन छह - वैवाहिक समारोह वेन्यू
बिरसा मुंडा पार्क को 48 करोड़ से विश्वस्तरीय आधुनिक स्वरूप देने की योजना है। डीपीआर नगर विकास विभाग को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- चंद्रशेखर अग्रवाल, मेयर