बीसीसीएल बन गया दुर्योधन, खोखी बिगहा गांव के लोगों को दिलाएंगे न्याय : सरयू राय
बाघमारा बीसीसीएल दुर्योधन बन गया है जिसके कारण महाभारत का युद्ध हुआ। बीसीसीएल ऐसा ही सलूक कर रहा है।
संवाद सहयोगी, बाघमारा: बीसीसीएल दुर्योधन बन गया है, जिसके कारण महाभारत का युद्ध हुआ। दुर्योधन से पांडवों ने पांच गांव मांगे थे जिसे उसने नहीं दिया। यही स्थिति बीसीसीएल खोखी बिगहा के ग्रामीणों के साथ कर रही है। इसके लिए रांची से लेकर दिल्ली तक आवाज उठाई जाएगी। यह बातें जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने ब्लाक दो क्षेत्र के अग्नि प्रभावित खोखी बिगहा गांव का शनिवार को दौरा करने के क्रम में कही। वे ग्रामीणों से मिले व उनकी समस्याओं को सुनने के बाद पूरे अग्नि प्रभावित गांव का अवलोकन किया। जहां-तहां बने गोफ, आग धुएं की उठती लपटों को देखा। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि वे लोग निजी खान मालिकों के समय से यहां रह रहे हैं। वे यहां के मूल निवासी हैं। बीसीसीएल ने उनके गांव के आसपास के गांव को पुनर्वास कर दिया। मगर उनलोगों को ना तो मुआवजा दिया और ना ही विस्थापित किया। नतीजा यह है कि वे लोग आग के बीच अपना गुजर-बसर करने को मजबूर हैं। ग्रमीणों ने हाई कोर्ट से उनको नियोजन, मुआवजा सहित अन्य सुविधा देने के फैसले के दस्तावेज भी दिए। विधायक ने कहा कि ये लोग आग के बीच जान से खेलकर यहां रह रहे हैं। बीसीसीएल इनके साथ अन्याय कर रहा है। इनको न्याय दिलाने के लिए बीसीसीएल प्रबंधन, कोयला मंत्री, मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
बीसीसीएल का साम्राज्य काफी बड़ा है, लेकिन वह इन ग्रामीणों के साथ बेईमानी कर रहा है। बीसीसीएल गांव को खाली करवाने के लिए कोर्ट की शरण में गया। मगर वहां भी हार गया, फिर भी इनलोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। यहां करोड़ों रुपये रंगदारी ली जाती है, फिर ग्रामीणों को उनका हक क्यों नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को भी संबोधित किया। साथ में बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, सहदेव राय, उदय सिंह, अमर सिंह, रवींद्र सिंह आदि मौजूद थे।