भद पिटने के बाद बीबीएमकेयू ने तीरंदाजी टीम को भेजा भुवनेश्वर
वीसी डॉ. अंजनी श्रीवास्तव ने तत्काल खिलाड़ियों के लिए टिकट का इंतजाम कराया। इसके लिए खिलाड़ियों ने वीसी का अाभार जताया।
धनबाद, जेएनएन। भद पिटने के बाद विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीकेएमयू) ने मंगलवार की रात आनन-फानन में तीरंदाजी टीम को जमशेदपुर से ट्रेन पकड़ा भुवनेश्वर भेजा। बीबीकेएमयू तीरंदाजी टीम बुधवार को शुरू हो रहे अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेगी। टीम को सोमवार को ही भुवनेश्वर जाना था लेकिन विश्वविद्यालय द्वारा पैसे नहीं दिए जाने के कारण खिलाड़ी बोकारो रेलवे स्टेशन से लाैट गए थे।
सोमवार को बोकारो स्टेशन से निराश होकर घर लाैटे थे खिलाड़ीः ओडिसा के भुवनेश्वर स्थित कीट यूनिवर्सिटी में आयोजित ऑल इंडिया अंतर विश्वविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 31दिसंबर होना है। इसके लिए एक माह से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय की टीम के खिलाड़ी अभ्यास कर रहे थे। सोमवार को पूरी टीम को बोकारो स्टेशन पर रिपोर्ट करना था। धनबाद-बोकारो के आधा दर्जन खिलाड़ी वहां पहुंच गए। अचानक चार बजे उनके व्हाट्सअप ग्रुप पर मैसेज आया कि टीम नहीं जाएगी। तबतक कई खिलाड़ी स्टेशन पहुंच चुके थे। अचानक इस मैसेज के बाद सभी हैरान रह गए। सभी खिलाड़ियों ने अपने कॉलेज से संपर्क किया, तो पता चला कि विश्वविद्यालय ने पैसे नहीं दिए।
किरकिरी के बाद भेजी गई टीमः भुवनेश्वर जाने के लिए बोकारो स्टेशन पर आने और फिर मना कर देने के बाद बीबीएमकेयू प्रबंधन की किरकिरी हुई है। टीम में लड़कियां भी थीं। उनकी सुरक्षा का ख्याल न करते हुए रात में स्टेशन पर छोड़ दिया गया। वह किसी तरह से घर पहुंचीं। इस माममें किरकिरी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन खिलाड़ियों को अब भुवनेश्वर भेजने में जुट गया है। मंगलवार की रात जमशेदपुर से ट्रेन पकड़ा कर टीम भुवनेश्वर भेजी गई। पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद वीसी डॉ. अंजनी श्रीवास्तव ने तत्काल खिलाड़ियों के लिए टिकट का इंतजाम कराया। इसके लिए खिलाड़ियों ने वीसी का अाभार जताया।