सहृदय व मृदुलभाषी अधिवक्ता थे स्व. रमाकांत शर्मा
धनबाद जिला बार एसोसिएशन में शनिवार को श्रद्धाजलि सभा में वरीय अधिवक्ता स्व. रमाकांत शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
धनबाद : जिला बार एसोसिएशन में शनिवार को श्रद्धाजलि सभा में वरीय अधिवक्ता स्व. रमाकांत शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। मौके पर वरीय अधिवक्ता स्व. रमाकांत सिन्हा के पुत्र दैनिक जागरण धनबाद के वरीय समाचार संपादक डॉ. चंदन शर्मा व दवा व्यवसायी चिंटू कुमार तथा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, महासचिव देवीशरण सिन्हा ने स्व. शर्मा की तस्वीर का अनावरण किया।
इस मौके पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने कहा कि स्व. शर्मा सहृदय व मृदुलभाषी अधिवक्ता थे। उनका नहीं रहना धनबाद बार के लिए अपूर्णीय क्षति है। महासचिव देवीशरण सिन्हा ने कहा कि उनका मार्गदर्शन सदैव मिलता था। आज वे इस दुनिया में नही हैं, पर सदैव धनबाद के अधिवक्ताओं के दिल में रहेंगे। एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कंसारी मंडल ने कहा कि स्व. शर्मा कोर्ट में दलील पेश करने के साथ ही लेख्य प्रमाणक भी थे। दोनों कामों को वे बड़ी सहजता से करते थे। उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी।
मौके पर मुकुल तिवारी ने कहा कि स्व. शर्मा ने टीएनबी कॉलेज भागलपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की और कटिहार से लॉ की डिग्री प्राप्त करने के बाद धनबाद को अपनी कर्मभूमि बनाया। वर्ष 1973 से उन्होंने धनबाद बार एसोसिएशन में वकालत शुरू की और चार दशक तक यहां वकालत की। तीन मई 2016 को बीमारी के कारण उनका निधन हो गया। वहीं, उनके पुत्र डॉ चंदन शर्मा ने कहा कि धनबाद बार एसोसिएशन ने मृत्युपरात उनके पिता को जो सम्मान दिया, इसके लिए वे एसोसिएशन के कृतज्ञ रहेंगे। मौके पर धनबाद बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मुकुल तिवारी, सहायक कोषाध्यक्ष दीपक साह, संयुक्त सचिव ब्रज किशोर कर्ण, कार्यकारिणी सदस्य अमित सिंह, आनंद मिश्रा, अनिल त्रिवेदी, अरविंद कुमार समेत काफी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।