ढुलू के परिजनों से मिलने बाघमारा आएंगे बाबूलाल व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, विधायक की रिहाई पर मंथन संभव Dhanbad News
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी प्रदेश महामंत्री धर्मपाल और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश गुरुवार को बाघमारा विधायक ढुलू महतो के चिटाही आवास पर आएंगे। विधायक के परिजनो से मिलेंगे।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश महामंत्री धर्मपाल और प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश गुरुवार को बाघमारा विधायक ढुलू महतो के चिटाही आवास पर आएंगे। यहां वें विधायक के परिजनो से मिलेंगे। भाजपा नेताओं का गुरुवार को दिन में 11 बजे आगमन होगा। संभावना व्यक्त की जा रही है कि भाजपा नेता परिवार के साथ विधायक की रिहाई पर भी चर्चा करेंगे।
बता दें कि बाघमारा विधायक ढुलू पर दुष्कर्म, रंगदारी समेत कई अन्य मामले दर्ज हैं। वे फिलहाल धनबाद जेल में बंद हैं। ढुलू लास्ट टाइम राज्य सभा चुनाव-2020 में मतदान के लिए पुलिस कस्टडी में रांची गए थे। वहां मतदान के बाद भाजपा विधायक ने विक्ट्री साइन भी मीडिया को दिखाया था। तभी से इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि झारखंड भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जल्द ही विधायक की रिहाई को लेकर कुछ करेंगा। हालांकि, भाजपा ढुलू को लेकर हेमंत सरकार पर हमेशा सा हमलावर रही है और बदले की कार्रवाई बताती है।
इधर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश महामंत्री धर्मपाल और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के बाघमारा आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनका कहना है कि प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व हमारे विधायक के साथ खड़ा है और कोरोना काल के दौर में भी परिजनों का हाल लेने आ रहा है, यह बड़ी बात है। यही भाजपा की खूबी भी है। वहीं, इस बात की भी चर्चा है कि बाबूलाल मरांडी, धर्मपाल और दीपक प्रकाश भाजपा विधायक की जेल से रिहाई को लेकर भी परिवार के साथ मंथन कर सकते हैं।