एथलीट महान हेंब्रम को खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत दिया 50 हजार का चेक
निरसा प्रखंड के कानाटांड़ निवासी महान हेंब्रम को पंचायत स्तर से लेकर अंतर राज्य स्तर पर दौड़ प्रतियोगिता में कई बार प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 50 हजार का चेक प्रदान किया।
मुगमा/ निरसा : निरसा प्रखंड के कानाटांड़ निवासी महान हेंब्रम को पंचायत स्तर से लेकर अंतर राज्य स्तर पर दौड़ प्रतियोगिता में कई बार प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 50 हजार का चेक प्रदान किया। साथ ही उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। 15 मार्च के अंक में दैनिक जागरण ने हौसले से मुश्किलों का मात दे रहा महान शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
बुधवार को मुगमा मोड़ स्थित झामुमो पार्टी कार्यालय में अभिनंदन समारोह आयोजित कर वरिष्ठ झामुमो नेता अशोक मंडल ने महान हेंब्रम को 50 हजार का चेक प्रदान किया और भविष्य में हर प्रकार का सहयोग करने का आश्वासन दिया। महान ने कहा कि 24 से 26 सितंबर को धनबाद जिला एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाली अंडर 18 के 1500 व 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में भाग लूंगा। दोनों ही स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने का प्रयास रहेगा। प्रखंड से लेकर राज्य स्तर पर बाल समागम में रह चुका अव्वल :
महान हेंब्रम ने वर्ष 2014 -15 में प्रखंड से लेकर राज्य स्तर पर आयोजित बाल समागम खेलकूद में अव्वल स्थान प्राप्त किया था। उसने उत्क्रमित मध्य विद्यालय विजयपुर की ओर से खेलते हुए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर व 800 मीटर की दौड़ में प्रखंड, जिला व राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उसने ऊंची कूद में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वर्ष 2015-16 में राज्य स्तरीय स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया द्वारा 2017 में आयोजित राष्ट्रीय स्तर खेलकूद प्रतियोगिता विशाखापट्टनम में आयोजित की गई थी जिसमें इसने 1000 मीटर दौड़ में पांचवां स्थान प्राप्त किया था। महान हेंब्रम ने बताया कि वह मिल्खा सिंह को वह अपना आदर्श मानता है। वह मिल्खा सिंह की तरह एथलेटिक्स में अपने देश का नाम रौशन करना चाहता है। मौके पर ठाकुर मांझी, लखींद्र मरांडी, जन्मेजय महतो, उपेंद्रनाथ पाठक, जर्मन महतो, बप्पा गोस्वामी, राजू झा, ललित पासवान, विकास सिंह, छोटू ठाकुर, गौतम ठाकुर, मन्नू, शेख रहमान, राजू दास, शेख मसरूफ, अरशद अंसारी शामिल थे।