अमृत भारत ट्रेन का सफर होगा महंगा, चुकाना होगा मेल-एक्सप्रेस का किराया
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में स्पेशल बनकर चलने पर मेल-एक्सप्रेस का किराया लगेगा, जिसमें द्वितीय श्रेणी में 10% और अन्य श्रेणियों में 30% अतिरिक्त प्रभार होगा।

अमृत भारत ट्रेन का सफर होगा महंगा, चुकाना होगा मेल-एक्सप्रेस का किराया
HighLights
अमृत भारत एक्सप्रेस में स्पेशल चलने पर मेल-एक्सप्रेस किराया लागू।
द्वितीय श्रेणी में 10%, अन्य श्रेणियों में 30% अतिरिक्त प्रभार।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण कई राजधानी ट्रेनों के मार्ग बदले।
जागरण संवाददाता, धनबाद। स्पेशल बन कर चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में मेल-एक्सप्रेस का किराया चुकाना होगा। त्योहारी सीजन को लेकर रेलवे ने इससे जुड़ा आदेश जारी कर दिया है।
ट्रेन ऑन डिमांड या त्योहारी स्पेशल ट्रेन अगर अमृत भारत ट्रेन के रैक से चलाई जाएगी, तो उनका किराया स्पेशल बन कर चलने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की तर्ज पर वसूला जाएगा।
रेलवे बोर्ड के निदेशक यात्री विपणन समन्वय प्रवीण कुमार ने सभी जोन से संबंधित पत्र भेज दिया है।
स्पेशल मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में द्वितीय श्रेणी में 10 प्रतिशत तथा अन्य सभी श्रेणियों में 30 प्रतिशत विशेष प्रभार वसूले जाते हैं। स्पेशल बन कर चलने वाली अमृत भारत ट्रेनों में भी यही व्यवस्था लागू होगी।
ब्रिक्स समिट के मद्देनजर बदलाव, प्रभावित रहेंगी कई राजधानी ट्रेनें
दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली जाने और वहां से चलने वाली ट्रेनों में बदलाव किया गया है। 11 से 13 सितंबर तक कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं। कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं जबकि कुछ ट्रेनें नियंत्रित कर लाई जाएंगी।
इनमें धनबाद होकर चलने वाली नई दिल्ली-हावड़ा और सियालदह समेत गोमो होकर चलने वाली भुवनेश्वर नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी शामिल हैं।
लेट, नियंत्रित और मार्ग बदल कर चलने वाली ट्रेनें
- शनिवार को चलने वाली 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस गाजियाबाद से साहिबाबाद के बीच 10 मिनट नियंत्रित कर चलेगी।
- 12302 नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से दिल्ली, दिल्ली शाहदरा व साहिबाबाद होकर चलेगी।
- 12314 नई दिल्ली-सियालदह राजधानी नई दिल्ली से दिल्ली, दिल्ली शाहदरा व साहिबाबाद होकर चलेगी।
- 22824 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी नई दिल्ली से 20 मिनट लेट से चलेगी।
- 20817 भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस गाजियाबाद से साहिबाबाद के बीच 20 मिनट नियंत्रित कर चलेगी।
