Aman Gang के छोटू ने विधायक के करीबी से रंगदारी मांग धनबाद पुलिस को दी चुनाैती, बोला-मुखबिर को नहीं बचा पा रही, तुम्हें क्या...
पुलिस मुखबिर नीरज तिवारी की हत्या को अमन सिंह गैंग के सदस्य लोगों को डराने का हथियार बना रहे हैं। यह धनबाद पुलिस के लिए बड़ी चुनाैती है। हालांकि एसएसपी संजीव कुमार ने गैंग के छोटू को चेंगड़ा करार दिया है।
संवाद सहयोगी, कतरास। रांची के होटवार जेल में बंद गैंगस्टर अमन सिंह का गुर्गा छोटू लगातार कतरास तथा आसपास के इलाके के व्यवसायियों को रंगदारी के लिए धमकी दे रहा है। बुधवार सुबह छोटू सिंह ने बाघमारा के विधायक ढु्लू महतो के करीबी ठेकेदार भटमुरना निवासी अशोक सिंह से 20 लाख की रंगदारी मांगी। ठेकेदार ने कतरास थाना को शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 10:00 बजे एक मोबाइल के वाट्सएप से उनके मोबाइल पर मैसेज आया। इसमें कहा गया कि अमन सिंह गैंग से छोटू बोल रहा हूं। 20 लाख रंगदारी दे दो नहीं तो अंजाम बहुत बुरा होगा।
नीरज से भी बुरा होगा अंजाम
धमकी में कहा गया है कि जो अंजाम नीरज तिवारी का हुआ उससे भी बुरा अंजाम तुम्हारा होगा। अगर काम करना चाहते हो तो गैंग को सहयोग करो। गैंग भी तुम्हारी मदद करेगा। 20 लाख रुपये तैयार कर गैंग से कांटेक्ट करो, नहीं तो अंजाम भुक्तोगे। प्रशासन कितना तुम्हारा जान बचाएगा, खुद समझ जाओगे। पुलिस अपने मुखबिर को तो बचा नहीं पा रहा है, तुम्हें कितनी सुरक्षा देगा। जो कोई गैंग को इग्नोर कर पुलिस के भरोसे उड़ रहा है, उसका अंजाम देखना क्या होगा। इसके बाद अशोक अपने कुछ लोगों के साथ कतरास थाना पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे एसएसपी संजीव कुमार से मिलकर भी उन्होंने घटना की जानकारी दी। एसएसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई का भरोसा दिया।
2 सिंतबर को नीरज तिवारी की हुई थी हत्या
अमन सिंह गैंग के गुर्गों ने 2 सिंतबर को कतरास में कथित पुलिस मुखबिर नीरज तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कहा जाता है कि अमन सिंह गैंग के कुछ सदस्यों को पकड़वाने में तिवारी ने पुलिस को मदद की थी। इससे अमन सिंह गैंग नाराज था। इसी कारण हत्या हुई। अब गैंग के सदस्य इसे लोगों को डराने के लिए हथियार बना रहे हैं। यह धनबाद पुलिस के लिए बड़ी चुनाैती है। हालांकि एसएसपी संजीव कुमार ने छोटू को चेंगड़ा करार दिया है। सवाल यह है कि इस चेंगड़े का धनबाद पुलिस के पास क्या जवाब है?
शिकायत के आधार पर छानबीन की जा रही है शीघ्र ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-रासबिहारी लाल, थाना प्रभारी, कतरास