दुर्गापुर से मुंबई-चेन्नई के बीच अब 28 मई से हवाई सेवा बहाल, एम्फन को लेकर केंद्र ने लगाई गई थी रोक Dhanbad News
दुर्गापुर के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट से अब 28 मई से पूर्व घोषित समय के अनुसार विमान उड़ेगा। पहले यहां से 25 मई से विमान सेवा शुरू होने वाली थी।
धनबाद, जेएनएन। दुर्गापुर (अंडाल) के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट से अब 28 मई से पूर्व घोषित समय के अनुसार विमान उड़ेगा। पहले यहां से 25 मई से विमान सेवा शुरू होने वाली थी। बता दें कि पश्चिम बंगाल सरकार ने एम्फन चक्रवात को लेकर विमान सेवा पर फिलहाल रोक की मांग की थी। जिसे देखते हुए केंद्र सरकार ने बंगाल में घरेलू विमान सेवा पर फिलहाल रोक लगा दिया है। अब 28 मई से पूर्व घोषित समय के अनुसार, यहां से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी।
दुर्गापुर से चेन्नई एवं मुंबई के लिए स्पाइस जेट की विमान सेवा की सुविधा मिलेगी। दिल्ली एवं हैदराबाद के लिए एयर इंडिया को विमान उड़ाने की अनुमति नहीं मिली है। दुर्गापुर में हवाई जहाज की उड़ान शुरू होने से पश्चिम बंगाल के साथ झारखंड के सीमावर्ती जिलों के लोगों को सहूलियत होगी।
कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन के कारण दुर्गापुर एयरपोर्ट से विमानों की उड़ान बंद हो गयी थी। अब इसमें राहत दी गयी है। स्पाइस जेट के विमानों की उड़ान का समय निर्धारित हो चुका है। टिकट भी दिया जा रहा है। फिलहाल छ: दिनों के लिए चेन्नई एवं मुंबई रुट पर विमान उड़ान भरेंगे।
विमानों के उड़ान की तिथि :
- 28 मई की शाम 5.10 बजे चेन्नई से विमान उड़ान भरेगा और रात साढ़े सात बजे दुर्गापुर एयरपोर्ट पर आयेगा। फिर यहां से रात आठ बजे उड़ान भरेगा और चेन्नई में रात 10.22 बजे पहुंचेगा।
- 28 मई को सुबह 11.45 बजे मुंबई से विमान उड़ेगा जो दोपहर 2.40 बजे दुर्गापुर पहुंचेगा। यहां से फिर दोपहर 3.10 बजे विमान मुंबई के लिए उड़ान भरेगा एवं शाम 4.45 बजे मुंबई पहुंचेगा।
- फिलहाल स्पाइस जेट की विमान सेवा की तिथि तय हुई है। अन्य विमान सेवा शुरू होने के बारे में अभी सूचना नहीं है। -अपूर्व शर्मा, निदेशक, दुर्गापुर काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट।