Independence Day : कृषि मंत्री पहुंचे धनबाद, कहा- सब्जियां विदेश भेजने के लिए बरवाअड्डा में बनेगा कोल्ड स्टोरेज
Independence Day कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि झारखंड सरकार किसानों के दो हजार करोड़ रुपये के ऋण की माफी की घोषणा करने जा रही है। यह किसानों के लिए बड़ा तोहफा होगा।
धनबाद, जेएनएन। Independence Day 74वें स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड के किसानों को 2000 करोड़ रुपए के ऋण की माफी की घोषणा झारखंड सरकार करने जा रही है। यह किसानों के लिए बड़ा तोहफा होगा। हालांकि उसमें कुछ खामियां है जिसे दूर कर लिया जाएगा। यह बात शुक्रवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल पत्रलेख ने धनबाद परिसदन में कही। उन्होंने कहा कि सब्जियों की कीमत पर रोक लगाने के लिए पूरे झारखंड में 18 कोल्ड स्टोर भवनों का निर्माण पांच हजार मिट्रिक टन क्षमता के हिसाब से किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि कोल्ड स्टोर के लिए बोकारो में भवन निर्माण का कार्य लगभग पूरा होने वाला है। धनबाद के बरवाअड्डा में कोल्ड स्टोर भवनों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार आमजनों, मध्यम वर्ग, किसान मजदूर, के हित को लेकर संवेदनशील है। अब हरेक जिले से किसानों की सब्जियां विदेश भेजी जा रही हैं। बस किसानों के बीच जज्बा जगाने की जरूरत है। इसके लिए कंट्रोल रूम और कोल्ड स्टोर की व्यवस्था की जा रही है। इसका जिम्मा भवन निर्माण विभाग को सौंपा गया है।
स्थानीय नीति में संशोधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कमेटी बनाने की बात चल रही है। इसका जो भी फैसला होगा वह मान्य होगा। इतना जरूर है कि तुगलकी फरमान जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने भूदा डेयरी फार्म को फिर से चालू करने का आश्वासन दिया। फिलहाल विदेशों में सात हजार करोड़ रुपए के सब्जियों का व्यापार चल रहा है और धीरे मांग बढ़ रही है। सिर्फ साहेबगंज से एक करोड़ रुपए के सब्जियों का व्यापार हुआ है। किसानों द्वारा केसीसी लोन जमा नहीं करने पर मंत्री ने आपत्ति जताई।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल पत्रलेख ने 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजावरोहण करने जामताड़ा जा रहे थे। इसी क्रम में वे शुक्रवार को धनबाद परिसद में विश्राम के लिए रुके हैं। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष रबीन्द्र वर्मा, सुल्तान अहमद, मनोज सिंह, मनोज यादव, शंकर प्रजापति, मदन महतो, संदीप कुमार,प्रसाद निधि भास्कर झा सहित अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।