यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सचिव के दौरे के बाद सदर अस्पताल के बाहर लगाया हार्दिक स्वागत का बोर्ड, लोग पूछ रहे- खौफ में हैं या...
स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव ने बीते महीने धनबाद में चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया था। खामियों पर उन्होंने जमकर ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद: स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव अरुण कुमार ने बीते महीने धनबाद में चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया था। खामियों पर उन्होंने जमकर फटकार लगाई थी और तत्काल इसमें सुधार लाने का निर्देश दिया था। सचिव के निर्देश के बाद विभाग के उधड़े हिस्सों पर चिप्पी साटने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
हालांकि अपनी इसी कोशिश में विभाग ने ऐसी ऊटपटांग हरकत की है कि लोग जमकर खिंचाई कर रहे। लोगों का कहना है कि जिले में स्वास्थ्य विभाग सुविधाएं देने से अधिक, विवादों की वजह से हमेशा चर्चा में रहता है। ताजा मामला सदर अस्पताल को लेकर है। सदर अस्पताल के बाहर लगा साइन बोर्ड इन दिनों चर्चा का विषय बन गया है। बोर्ड में लिखा हुआ है, सदर अस्पताल धनबाद में आपका हार्दिक स्वागत है। वहीं एक बोर्ड में अंग्रेजी में वेलकम टू सदर अस्पताल धनबाद लिखा हुआ है। बोर्ड पर आपत्ति जताने वालों का कहना है कि ऐसा पहला मामला है, जहां अस्पताल लोगों के इलाज की बजाय उनका अभिनंदन कर रहा है।
अस्पताल में आने वाले मरीजों का अभिनंदन कैसा
बोर्ड में हार्दिक अभिनंदन लिखे जाने पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। हीरापुर के सुजीत कुमार, हाउसिंग कॉलोनी के मधुरेंद्र कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अंकित राजगढ़िया समेत अन्य ने कहा कि अस्पताल में कभी एक्सीडेंट में घायल लोग दर्द से कराहते हुए पहुंचते हैं तो कभी जान बचाने की उम्मीद में तड़पते हुए। ऐसे में हार्दिक अभिनंदन लिखना उचित नहीं है। सुजीत ने बताया कि ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि किसी अस्पताल के बाहर मरीजों का हार्दिक अभिनंदन किया जा रहा है। इससे विभाग हंसी का पात्र बन रहा है। पीड़ित मरीज बोर्ड को देखकर काफी नाराज होंगे। आपत्ति जताने वालों का कहना है कि अपर सचिव के दौरे के बाद या तो जिले में विभाग के पदाधिकारी खौफ में हैं, या फिर उन्हें खुश करने में लगे हैं।
सदर अस्पताल का हो रहा है कायाकल्प
सदर अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधा बढ़ाने के लिए जगह-जगह बैनर-पोस्टर व पंफ्लेट लगाए जा रहे हैं। इसी को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए इस बोर्ड ने सदर अस्पताल को चर्चा में ला दिया है। मामले की सूचना सिविल सर्जन डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा को दी गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित पदाधिकारी से इसके बारे में जानकारी ले रहा हूं। जो भी काम किए जा रहे हैं, वह नियमानुसार ही होंगे।
