धनबाद के डिप्टी मेयर की इस हरकत पर भड़के एडीजे, दी जेल भेजने की चेतावनी
नीरज हत्याकांड के ट्रायल के दौरान शुक्रवार को कुछ ऐसा हुआ कि धनबाद के डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह पर एडीजे आलोक दुबे भड़क गए। एकलव्य सिंह दिवंगत नीरज सिंह के छोटे भाई हैं।
जागरण संवाददाता, धनबाद: नीरज हत्याकांड के ट्रायल के दौरान शुक्रवार को कुछ ऐसा हुआ कि धनबाद के डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह पर एडीजे आलोक दुबे भड़क गए। एकलव्य सिंह दिवंगत कांग्रेस नेता नीरज सिंह के छोटे भाई हैं। उन्हीं की हत्या के मामले में सुनवाई के दौरान एकलव्य कोर्ट में मौजूद थे।
कोर्ट की कार्रवाई की कर रहे थे रिकॉर्डिंग: दरअसल कोर्ट में बैठ एकलव्य सिंह रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इस पर एडीजे-14 आलोक दुबे की नजर पड़ी। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल जब्त करवा लिया। रिकॉर्डिंग को डिलीट करवाया। जज के तल्ख तेवर को देख डिप्टी मेयर माफी मांगने लगे। जज ने जेल भेजने की चेतावनी दी। साथ ही डिप्टी मेयर को चुपचाप अदालत में खड़े रहने का निर्देश दिया। इसके बाद जज ने पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में वादी की तरफ से उपस्थित अधिवक्ता से पूछा कि इस मामले में काैन सी सजा दी जाय? अधिवक्ता ने माफ कर देने का अनुरोध किया। इसके बाद भविष्य में ऐसी हरकत ना करने की चेतावनी देकर जज ने डिप्टी मेयर को छोड़ दिया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक एडीजे डिप्टी मेयर की क्लास लेते रहे। एकलव्य द्वारा माफी मांगे जाने के बाद जज ने उन्हें राहत दी।
आज रेड था 'ड्रेस कोड': नीरज हत्याकांड की सुनवाई के दौरान कपड़े का रंग भी चर्चा का विषय बना हुआ है। शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान झरिया विधायक संजीव सिंह समेत अन्य सभी अभियुक्त लाल रंग के कपड़े पहने थे। इससे पहले जब मामले की सुनवाई गुरुवार को हुई तो सभी पीले रंग के कपड़े पहन कर कोर्ट पहुंचे थे।