भागाबांध ओपी का जमादार 7 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार
पुटकी थाना के भागाबांध ओपी में पदस्थापित जमादार (एएसआइ) महेंद्र कुमार के खिलाफ पुटकी निवासी संजय कुमार विश्वकर्मा ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से शिकायत की थी।
धनबाद, जेएनएन। दूसरों को जेल भेजने वाला जमादार महेंद्र कुमार मंगलवार को खुद कानून की शिकंजों में फंस गया। सात हजार रुपये घूस लेते हुए एसीबी ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। एसीबी की इस कार्रवाई से भ्रष्ट पुलिस-पदाधिकारी सहम गए।
पुटकी थाना के भागाबांध ओपी में पदस्थापित जमादार (एएसआइ) महेंद्र कुमार के खिलाफ पुटकी निवासी संजय कुमार विश्वकर्मा ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से शिकायत की थी। इसके बाद जमादार को मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे 7 हजार घूस लेते गिरफ्तार कर लिया गया। संजय ने बताया था कि पुटकी थाना के एक कांड में वह वादी है। इसके कांड के अनुसंधानकर्ता महेंद्र कुमार हैं। तीन फरवरी को संजय के साथ इस कांड के गवाह अभय सिंह व अनिकेत कुमार को भागाबांध ओपी में बुलाया गया। इस दौरान महेंद्र ने संजय और दोनों गवाहों को धमकी देते हुए दस हजार रूपये की मांग की। कहा- पैसा देने पर केस संजय के पक्ष में लिख देंगे। संजय ने काफी मिन्नत की तो महेंद्र सात हजार रूपये पर तैयार हो गए। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने अपना जाल फैलाया और महेंद्र को सात हजार रूपये घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।