चुनाव से पहले तेज हुई उद्घाटन-शिलान्यास की राजनीति, धनबाद को मिली 1502 करोड़ की साैगात
मुख्यमंत्री रघुवर दास को विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करना था। लेकिन हेलीकॉप्टर में खराबी आने के कारण मुख्यमंत्री रांची से नहीं आ सके।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद को राज्य सरकार ने मटकुरिया से आरा मोड़ तक अंडरपास व फ्लाईओवर, कांको मठ चौक से गोल्ड बिल्डिंग तक आठ लेन सड़क, जेएनएनयूआरएम जामाडोबा व सिंदरी जलापूर्ति और धनबाद शहरी जलापूर्ति संवद्र्धन एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना, नगर निगम मुख्यालय भवन, बिरसा मुंडा पार्क में लेजर फाउंटेन समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं की सौगात दी है। धनबाद ठाकुरकुल्ही स्थित अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में नगर विकास एवं आवास मंत्री सीपी सिंह ने एक साथ 1502.72 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री रघुवर दास को विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करना था। लेकिन, हेलीकॉप्टर में खराबी आने के कारण मुख्यमंत्री रांची से नहीं आ सके। उन्होंने अपने स्थान पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह और नगर विकास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह को सड़क मार्ग से भेजा। दोनों के रांची से सड़क मार्ग से पहुंचने में विलंब होने से समारोह ढाई घंटा विलंब से चालू हुआ। इस बीच सांसद पीएन सिंह, मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, विधायक राज सिन्हा व फूलचंद मंडल, उपायुक्त ए दोड्डे व एसएसपी किशोर कौशल ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। वहीं 3.30 बजे पहुंचने पर मंत्री सीपी सिंह ने बटन दबाकर 1502.72 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। 1178.76 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास एवं 323 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन हुआ। इसके अलावा मंत्री ने डीएमएफटी से नियुक्त चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र, स्वयं सहायता समूहों को रिवाल्विंग फंड, फुटपाथ विक्रेताओं को लोन और प्रधानमंत्री आवास के लाभुकों को चाबी एवं पहली किस्त बांटी।
अपने संबोधन में सीपी सिंह ने सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि इस सरकार में श्मशान घाट का सुंदरीकरण, कब्रिस्तान की चारदीवारी से लेकर विवाह मंडप तक बनवाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना से सबको घर मिल रहे हैं। लोक कल्याणकारी योजनाओं के लिए धनबाद को राज्य में सबसे अधिक पैसा मिल रहा है। 14वें वित्त आयोग से आधा दर्जन विवाह मंडप मिले हैं। बीस सूत्री के उपाध्यक्ष इंद्रजीत महतो, पार्षद प्रियरंजन, जयकुमार, अंदिला देवी, निशार आलम सहित पूर्व पार्षद रंजीत कुमार ने भी संबोधित किया।
जिन योजनाओं का हुआ शिलान्यास व उद्घाटन
धनबाद शहरी जलापूर्ति संवद्र्धन एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना फेज 1 - 166.68 करोड़
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना - 258.68 करोड़
कांको मठ चौक से गोल बिल्डिंग तक आठ लेन सड़क परियोजना - 375.40 करोड़
मटकुरिया से आरा मोड़ तक अंडरपास व फ्लाईओवर परियोजना - 261.75 करोड़
जेएनएनयूआरएम जामाडोबा व सिंदरी जलापूर्ति योजना - 298 करोड़
नगर निगम के मुख्यालय भवन का निर्माण - 48.35 करोड़