ठंड में लोगों को राहत देने के लिए जिले में बांटे जाएंगे 70000 कंबल
ठंड की कनकनी ने लोगों को सकते में डाल रखा है। इससे निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में 70 हजार कंबल वितरण करने का लक्ष्य रखा है। आपदा प्रबंधक प्राधिकार के अध्यक्ष सह डीसी उमाशंकर सिंह ने जिले में कंबल वितरण के निर्देश दिए हैं।
धनबाद, जेएनएन: ठंड की कनकनी ने लोगों को सकते में डाल रखा है। इससे निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में 70 हजार कंबल वितरण करने का लक्ष्य रखा है। आपदा प्रबंधक प्राधिकार के अध्यक्ष सह डीसी उमाशंकर सिंह ने सामाजिक कल्याण विभाग के प्रभारी अनुज बंडो को ठंड को लेकर जिले में कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सामाजिक सुरक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले के सभी 11 अंचल क्षेत्रों में 5-5 हजार कंबल वितरित किए जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 10,000 कंबल वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 7-8 हजार कंबल फुटपाथ व विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को मदद के लिए बांट दिए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रभारी अनुज बन्डो ने बताया कि विभिन्न जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कंबल वितरण करने का काम किया जाएगा। आने वाले समय में ठंड और बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में लोगों को विशेषकर फुटपाथ में रहने वाले लोगों के बीच अलाव और कंबल वितरण की सुविधा दी जाएगी।