बीटीटी का अभी नहीं होगा स्थानांतरण
संस तिसरा झरिया राज्य के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य सेवा के तहत कार्य कर रहे ब्लॉक ट्रेन
संस, तिसरा, झरिया : राज्य के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य सेवा के तहत कार्य कर रहे ब्लॉक ट्रेनर टीम(बीटीटी) का फिलहाल स्थानांतरण नहीं होगा। उक्त बातें झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गुरुवार को झरिया धनबाद व राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से रांची पहुंचे बीटीटी प्रतिनिधिमंडल से कही। उक्त जानकारी बीटीटी अभिषेक ठाकुर ने दी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी कर रहे थे। बीटीटी अभिषेक ने कहा कि अप्रेजल के नाम पर राज्य के बीटीटी को कार्यमुक्त करने व स्थानांतरण के खिलाफ पूर्व विधायक अरूप चटर्जी के नेतृत्व में राज्य भर के बीटीटी स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर अपनी फरियाद बुधवार को रखी। बन्ना गुप्ता खुद प्रतिनिधिमंडल से आकर मिले। उनकी समस्याएं सुनी। विभाग के एमडी से गुरुवार को बुलाकर बातचीत कर समस्या का समाधान करने की बात कही। बीटीटी अभिषेक ठाकुर, विकास पंडित ने बताया कि अप्रेजल एक प्रक्रिया है जो प्रत्येक वर्ष होता है, लेकिन इस बार अप्रैजल के नाम पर 56 बीटीटी का स्थानांतरण दूसरे जिले में करने की कोशिश हो रही थी। नौ बीटीटी को कार्यमुक्त भी कर दिया गया। धनबाद से पहुंचे बीटीटी ने बताया कि जिले में 27 बीटीटी कार्यरत हैं। इनमें 11 बीटीटी को दूसरे जिला में स्थानांतरित कर दिया गया। हम लोग मात्र आठ हजार वेतन में इतने दूर कैसे काम करने जाएंगे। इनमें अधिकांश महिलाएं हैं। उतना दूर जाकर काम कर पाना मुश्किल है। तीन दिनों से दर्जनों बीटीटी रांची में थे।
निरसा के पूर्व विधायक को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से इनकी समस्याओं को लेकर बात की। अरूप चटर्जी ने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं होगा तो राज्य के 586 बीटीटी को लेकर जोरदार आंदोलन करेंगे। इसके बाद विभाग गंभीर हुआ।
मौके पर सोनी देवी, सुलेखा देवी, मीना देवी, विकास कुमार पंडित, अर्जुन मोदी, सुलेखा प्रसाद, गीता देवी, अनिता देवी, डिपल खातून, सुनीता उरांव, सुमित्रा देवी, रेखा कुमारी, संगीता बक्शी, गुणाधर पंडित, शांति देवी, सविता देवी आदि थे।