Jharkhand : प्रेम प्रंसग में हई थी शेख की हत्या; कमाल की पत्नी से शादी करना चाहता था कफीजुल, दो गिरफ्तार
कमाल शेख हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
साहिबगंज, जेएनएन। जिले के रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ ग्राम निवासी कमाल शेख हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बरहड़वा एसडीपीओ पीके मिश्रा ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि कमाल शेख की हत्या 27 फरवरी की रात कर दी गयी थी।
बता दें कि 28 फरवरी को कमाल शेख का शव केंदुआ हिरणपुर मुख्य पथ पर आमगाछी गांव के समीप से बरामद किया गया था। इस घटना में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कर रही थी। इस मामले में पुलिस को हस्तीपाड़ा के कफिजुल इस्लाम, अब्दुल माबूद व बुजरूख पर शंका थी, लेकिन वे पुलिस के हाथ नहीं आ रहे थे। गुरुवार को एसपी अनुरंजन क्रिस्पोट्टा को दो आरोपितों की लोकेशन मिली जिसके बाद उन्होंने एक टीम गठित की जिसमें उनके अलावे रांगा थाना प्रभारी शिवकुमार सिंह व कांड के अनुसंधान कर्ता अनिल कुमार दुबे थे।
टीम ने गुरुवार की रात छापेमारी कर कफिजुल इस्लाम व अब्दुल माबुद को गिरफ्तार कर लिया। बुजरूख अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि कमाल की पत्नी से कफीजुल शादी करना चाहता था। दोनों का एक दूसरे से मिलना-जुलना भी होता था। इसलिए उसने अब्दुल माबुद व बुजरूख को सुपारी देकर उसकी हत्या करा दी।