कौन बनेगा करोड़पति का फर्जी वीडियो क्लिप दिखाकर महिला से ठगे 20 लाख
कौन बनेगा करोड़पति का फर्जी वीडियो क्लिप दिखाकर महिला से 20 लाख की ठगी का मामला सामने आया है।
संस, धनसार : टीवी के चर्चित कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति का फर्जी वीडियो क्लिप दिखाकर मनईटांड़ सरकारी कुआं के पास रहनेवाली 25 वर्षीय अनीशा चक्रवर्ती से 20 लाख रुपये ठगी का मामला प्रकाश में आया है। अपराधियों ने घर बैठे 30 लाख जीतने का सब्जबाग दिखाकर यह ठगी की है। इस फर्जी वीडियो क्लिप में महानायक अमिताभ बच्चन स्वयं घोषणा कर अनीशा चक्रवर्ती को घर बैठे इनाम मिलने की घोषणा कर रहे हैं। वीडियो क्लिप में दिखाया गया है कि वह कौन बनेगा करोड़पति के विशिष्ट स्कीम के लिए चयनित हो गई हैं। उसे 30 लाख घर बैठे इनाम मिलेगा।
अपराधियों ने 30 लाख रुपये पाने के पहले अनीशा से अग्रिम टैक्स चुकाने के एवज में कई चरण में 20 लाख राशि की ठगी की। वीडियो का क्लिप अनीशा के वाट्सएप पर भेजा गया। ठगी का अहसास होते ही अनीशा के पिता हिमांशु शेखर चक्रवर्ती ने 11 लोगों के खिलाफ ठगी करने की शिकायत धनसार थाने में रविवार की शाम को की। धनसार पुलिस ने इस संबंध में मनईटांड़ के अर¨वद साइबर कम्युनिकेशन के मालिक, दिल्ली के राजीव कुमार सहित विवेक कुमार, संत कुमार, राजा बाबू, मंटू कुमार, अजीत कुमार, राहुल कुमार, उज्जवल वर्मा, नवाब आलम, अनोज वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हिमांशु शेखर का कहना है कि वह अपनी पत्नी अंजना चक्रवर्ती की किडनी के इलाज के लिए कोलकाता में व्यस्त रहते हैं। पत्नी और उनका एटीएम उसकी पुत्री के पास ही रहता है। इसका पिन कोड भी उसे मालूम है। इधर मेरी पुत्री अनीशा चक्रवर्ती अपने ससुराल में अत्याचार से परेशान होकर शादी के कुछ महीने बाद से मेरे घर पर ही रह रही है। सितंबर 2018 में पुत्री के वाट्सएप पर एक वीडियो क्लिप आया था। इसमें 30 लाख जीतने की बात कहते महानायक अमिताभ बच्चन को दिखाया गया है। इस रकम की प्राप्ति के पूर्व अग्रिम टैक्स जमा करने को कहा गया।
अक्टूबर 2018 तक लोगों ने कई बार फोन करके मेरी पुत्री से घर में रखे 10 लाख, मेरा व पत्नी के अकाउंट से 7.5 लाख निकलवा लिए। इसके बाद भी मेरी पुत्री ने ढाई लाख के जेवर बेचकर उन लोगों को राशि दी। यह सब राशि मनईटांड़ स्थित अर¨वद साइबर कम्युनिकेशन के माध्यम से मनी ट्रांसफर के माध्यम से किया गया। हिमांशु का कहना है कि उनकी पुत्री को विश्वास था कि उसे 30 लाख मिलेगा। मेरी पुत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का फायदा उठाकर उक्त लोगों ने इसके साथ धोखाधड़ी की है। इस घटना के बाद अनीशा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। धनसार पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।