चिटाही पहुंचीं जशोदाबेन. रामराज मंदिर में की पूजा-अर्चना
जाटी कतरास/मैथन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धर्मपत्नी यशोदाबेन मोदी सोमवार को स्थानीय मंदिरों
जाटी, कतरास/मैथन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धर्मपत्नी यशोदाबेन मोदी सोमवार को स्थानीय मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। सुबह 10 बजे वह बाघमारा प्रखंड के चिटाही गांव गई, यहां रामराज मंदिर में सैकड़ों महिला पुरुषों ने उनका स्वागत किया। मंदिर में श्रीराम जानकी सहित अन्य देवी देवताओं की उन्होंने पूजा-अर्चना की। मंदिर के पास मनोरम दृश्य को देखा और पीपल पेड़ की परिक्रमा की। मंदिर में लगे तुलसी के पौधे को जल अर्पित किया। विधायक ढुलू महतो की धर्मपत्नी सावित्री देवी समेत चिटाही सहित कई गांवों के लोग यहां पहुंचे थे। यहां गुजराती समाज कतरास के लोग उनसे मिले और भव्य स्वागत किया। यशोदाबेन भी समाज के लोगों से मिलकर प्रसन्न हुईं।
इस मौके पर विधायक ढुलू महतो, शरद महतो, गौरचंद बाउरी, प्रकाश नोनिया, सूर्यदेव मिश्र, हरजिदर सिंह काके, धर्मेद्र गुप्ता, लक्ष्मण महतो, रामा महतो के अलावा गुजराती समाज के कल्पेशभाई बैजानिया, प्रवीण भाई चौथानी, किरण चावड़ा, रेखा बेन, अलका बेन, मंजू बेन सहित अन्य शामिल थे। मालूम हो कि विधायक ढुलू ने इस मंदिर का निर्माण कराया है। यहां श्रीगणेश, राम दरबार, राधाकृष्ण, भगवान शिव पार्वती, बजरंग बली सहित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर हैं।
चिटाही में मंदिर दर्शन के बाद दोपहर में जशोदाबेन पश्चिम बंगाल सीमा पर मैथन स्थित कल्याणेश्वरी मंदिर पहुंची। मंदिर में मां कल्याणेश्वरी की पूजा-अर्चना की। पूजा करने के बाद जशोदा बेन डीवीसी चेयरमैन कैंप में थोड़ी देर रुकीं। यहां डीवीसी एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की। इससे पूर्व मैथन पहुंचने पर डीवीसी के परियोजना प्रमुख शुभाशीष घोष ने अपने अधिकारियों के साथ काली पहाड़ी मोड़ पर जशोदा बेन का स्वागत किया। ईसीएल मुगमा क्षेत्रीय कार्यालय के समीप जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वागत किया। मैथन संजय चौक में अखिलेश्वर तिवारी ने उनका स्वागत किया। मौके पर उनके भाई अशोक मोदी, भाभी यशोदा मोदी, जिप अध्यक्ष रोबिन गोराई, मुखिया अनीता गोराई, विजय कुमार गुप्ता मौजूद थे।