खुद का चेहरा निर्गुट दिखाने के लिए PN Singh ने बदली चाल, अब निरसा में सिर्फ BJP के कार्यक्रम में होंगे शरीक Dhanbad News
MP PN Singh ने कह दिया है कि वह अब सिर्फ पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने ही निरसा क्षेत्र में जाएंगे। संगठन से जुड़ा कोई व्यक्ति किसी कार्यक्रम में बुलाएगा तो नहीं जाएंगे।
निरसा, जेएनएन। निरसा भाजपा में चल रही कलह से सांसद पीएन सिंह खासे नाराज हैैं। बार-बार उनके आग्रह के बाद भी संगठन में न तो गुटबाजी समाप्त हो रही है और न ही एक दूसरे को नीचा दिखाने का सिलसिला थम रहा है। निरसा के भाजपाइयों के वाकयुुद्ध से खफा होकर सांसद ने कह दिया है कि वह अब सिर्फ पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने ही निरसा क्षेत्र में जाएंगे। संगठन से जुड़ा कोई व्यक्ति अगर कार्यक्रम में उन्हें बुलाएगा तो वह वहां नहीं जाएंगे।
बता दें कि जिला परिषद की पत्नी मुखिया अनिता गोराई के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी से नाराज होकर सांसद ने कहा था कि यह सब गलत हो रहा है और पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करे। इसके बाद भी इस मामले में आरोपित निरसा प्रखंड के महामंत्री मधुरेंद्र गोस्वामी और युवा मोर्चा के कार्यकारिणी सदस्य जयप्रकाश ङ्क्षसह ने प्रेसवार्ता करके भाजपा नेत्री अनिता गोराई के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। दोनों नेताओं ने कहा था कि भाजपा नेत्री अनिता गोराई और उनके पति रोबिन गोराई हमेशा से विवादों में रहे है। इसी कारण से रोबिन गोराई को जेल भी जाना पड़ा था। अनिता ने पुलिस पदाधिकारी से लेकर गांव के युवकों के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगा चुकी है। अनिता अपनी निजी स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
इतना ही नहीं, रविवार को ही मैथन में आयोजित सम्मान समारोह में सांसद की उपस्थिति में ही अनिता के पति रोबिन ने रही सही कसर तब पूरी कर दी जब उन्होंने यह कह दिया कि अगर गो तस्कर को निरसा से टिकट मिला तो वह उस प्रत्याशी को हराने का काम करेंगे। इस घोषणा से पार्टी तथा कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया। इससे आहत होकर सांसद पीएन ने कह दिया कि अब वह संगठन के कार्यक्रम में ही भाग लेंगे। किसी व्यक्ति विशेष के कार्यक्रम में नहीं आएंगे।