माउजर के साथ बदमाश भुचकुनिया गिरफ्तार, पुलिस पर हमला कर हुआ था फरार Dhanbad News
भुचकुनिया झरिया का कुख्यात अपराधी है। पुलिस के अनुसार भुचकुनिया पर वाहन लूट व बोर्रागढ़ पुलिस पर हमला समेत कई मामले दर्ज हैं।
झरिया, जेएनएन। कतरास मोड़ गुलगुलिया बस्ती में रविवार की देर रात सिंदरी के डीएसपी पीके केसरी के निर्देंश पर झरिया पुलिस ने छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने नाइन एमएम की पिस्टल के साथ भुचकुनिया भुइयां को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार भुचकुनिया पर वाहन लूट व बोर्रागढ़ पुलिस पर हमला समेत कई मामले दर्ज हैं। साथ ही झरिया थाना में आधा दर्जन सहित अन्य थानों में भी मामले दर्ज हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपित सहयोगियों के साथ देर रात कतरास मोड़ के पास वाहन लूटने की योजना बना रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर इसकी जानकारी झरिया पुलिस को दी गई। जिस पर तत्काल टीम गठित कर उक्त स्थान पर छापामारी कर भुचकुनिया को पिस्टल के साथ धर दबोचा गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य आरोपित भागने में कामयाब हो गए।
झरिया थाना प्रभारी रंधीर कुमार के बयान पर थाना में मामला दर्ज कर उसे सोमवार को जेल भेज दिया गया। थानेदार ने बताया कि आरोपित से पूछताछ के दौरान उसने अपने अन्य साथियों के नाम व पता बताया है। जल्द ही सभी आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे।