बस्ती के बीच बना गोफ, खतरे में सैकड़ों की जान Dhanbad News
घटनास्थल के आसपास पांचवीं बार भू-धंसान हुआ है। हर बार बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा गोफ की भराई कर दी जाती है लेकिन सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम नहीं किया जाता है।
केंदुआ, जेएनएन। केंदुआ क्षेत्र की भोलानाथ बसेरिया यादव बस्ती में शनिवार शाम भूधंसान से गोफ बन गया। साथ ही तेज गति से गैस रिसाव होने लगा। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। बीसीसीएल प्रबंधन ने रविवार को जेसीबी से गोफ की भराई करा दी। बस्ती में सरकारी हाई स्कूल के ठीक पीछे गोफ बना।
बस्ती के निवासी व वार्ड 13 के पूर्व पार्षद संजय यादव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास पांचवीं बार भू-धंसान हुआ है। हर बार बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा गोफ की भराई कर दी जाती है लेकिन सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम नहीं किया जाता है। बस्ती में रहने वाले सभी लोग रैयतदार हैं। जिला प्रशासन और सरकार के पास कई बार उन्हें विस्थापित करने को लेकर आवेदन दे चुके हैं। बस्ती में चार बार विस्थापन के लिए सर्वे हो चुका है लेकिन अभी तक कोई सार्थक पहल नहीं हुई है। गोफ और घटनास्थल के निकट ही सरकारी भवनों में स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र और बीसीसीएल का महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित है। घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर सरकारी हाई स्कूल है। इन सब पर खतरा मंडरा रहा है। संजय यादव ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से कार्रवाई की मांग की है। वहीं बसेरिया के सुनील यादव ने बस्ती के लोगों की सुरक्षा की मांग की है। इस घटना से इलाके के लोग सहमे हुए हैं।