अदालत मित्र ने झरिया पुनर्वास का लिया जायजा, सुप्रीम कोर्ट को कराएंगे अवगत Dhanbad News
अदालत मित्र झरिया दाैरे के क्रम में घनुडीह अग्नि प्रभावित इलाका भी पहुंचे। स्थानीय लोगों से बात कर पुनर्वास की जानकारी प्राप्त की।
झरिया, जेएनएन। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त अदालत मित्र गाैरव अग्रवाल झरिया पुनर्वास की वस्तुस्थिति से अवगत होने के लिए गुरुवार को झरिया पहुंचे। उन्होंने बीसीसीएल, जेआरडीए और डीजीएमएस के अधिकारियों के साथ राजापुर स्थित डेको परियोजना का जायजा लिया। परियोजना के फेस- 2 में हो रहे कार्यों को देखा। इसके बाद भगतडीह पहुंचे। यहां सड़क के किनारे से ही आरएसपी कॉलेज को देखा। इसके बाद इंदिरा चौक के अग्नि प्रभावित इलाके से भी रूबरू हुए।
अदालत मित्र झरिया दाैरे के क्रम में घनुडीह अग्नि प्रभावित इलाका भी पहुंचे। स्थानीय लोगों से बात कर पुनर्वास की जानकारी प्राप्त की। यहां से लोदना एनटीएसटी परियोजना व्यू पॉइन्ट से परियोजना को देखा। अदालत मित्र गौरव ने कहा कि यहां की स्थिति से सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराएंगे। यहां कुछ भी कहना ठीक नहीं है। वे अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को देंगे। इसके बाद पुनर्वास के बाबत कोर्ट केंद्र, राज्य और कोयला कंपनियों को निदेर्शित करेगा।
झरिया पुनर्वास का काम काफी धीमी गति से होने पर पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने सरकार और कोल कंपनियों को कड़ी फटकार लगाई थी। कहा था कि झरिया के अग्नि प्रभावित इलाके में रहनेवाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने के लिए सरकार और सरकारी एजेंसी गंभीर नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के अदालत मित्र के आने से झरिया पुनर्वास योजना से संबंधित अधिकारियों के होश उड़े हैं। झरिया का दौरा करने के बाद अदालत मित्र कतरास की ओर रवाना हो गए।