Move to Jagran APP

Top Dhanbad News of the day, Tue, 16 July, 2019, सड़क जाम, लव जिहाद, उपलता मिला शव, सफेदपोश, कामचोर रेलकर्मी

जल संकट से परेशान कोरंगापट्टी के लोगों ने मंगलवार को सिटी सेंटर-बरवाअड्डा फोरलेन सड़क को जाम किया। जोरापोखर की युवती हुई लव जिहाद का शिकार। पोखरिया से निकला सुनील भुइयां का शव।

By mritunjayEdited By: Published: Tue, 16 Jul 2019 07:22 PM (IST)Updated: Tue, 16 Jul 2019 07:22 PM (IST)
Top Dhanbad News of the day, Tue, 16 July, 2019, सड़क जाम, लव जिहाद, उपलता मिला शव, सफेदपोश, कामचोर रेलकर्मी
Top Dhanbad News of the day, Tue, 16 July, 2019, सड़क जाम, लव जिहाद, उपलता मिला शव, सफेदपोश, कामचोर रेलकर्मी

धनबाद, जेएनएन। जल संकट से परेशान कोरंगापट्टी के लोगों ने मंगलवार को सिटी सेंटर-बरवाअड्डा फोरलेन सड़क को जाम किया। जोरापोखर की युवती हुई लव जिहाद का शिकार। पांचवें दिन पोखरिया से निकला सुनील भुइयां का शव। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कोयला क्षेत्र के सफेदपोशों के खिलाफ कार्रवाई का दिया निर्देश। अब हर महीने चिह्नित किए जाएंगे रेलवे के कामचोर कर्मचारी।

prime article banner

पानी के लिए सड़क जाम, टायर जला प्रदर्शन

जल संकट को लेकर परेशान शहर के कोरंगापट्टी के सैकड़ों लोग मंगलवार को सड़क पर उतरे। सिटी सेंटर-बरवाअड्डा फोरलेन सड़क को दोपहर करीब दो बजे जाम कर दिया। इससे हजारों लोग परेशान हुए। नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा पानी का स्थाई समाधान का आश्वासन देने के बाद 4:30 बजे लोगों ने रोड जाम हटाया। नगर निगम द्वारा कोरंगा बस्ती होल्डिंग टैक्स और वाटर यूजर चार्ज के सर्वे से जाम की समस्या उत्पन्न हुई। मंगलवार दिन में एक बजे नगर निगम की सर्वे टीम कोरंगा बस्ती गई। इस दौरान लोगों ने पानी नहीं मिलने पर भारी भरकम वाटर यूजर चार्ज देने से मना कर दिया। पहले पानी फिर वॉटर यूजर्स चार्ज की आवाज उठाई। सर्वे टीम का विरोध करते हुए घेराव कर दिया। इससे स्थिति बिगड़ती गई और लोगों ने रोड जाम कर दिया। जाम के दाैरान कोरंगापट्टी के लोग काफी उग्र थे। उन्होंने टायर में आग लगा प्रदर्शन भी किया।

युवती हुई लव जिहाद का शिकार

जोरापोखर थाना क्षेत्र के जीतपुर की रहने वाली एक दसवीं की छात्रा लव जिहाद का शिकार हुई है। गोविंदपुर के रहने वाले आफताब अंसारी ने फेसबुक पर नाम बदलकर नाबालिग युवती से दोस्ती की। फिर प्रेमजाल में फंसाकर भगा ले गया। इस मामले में युवती के पिता ने जोरापोखर थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दूसरी तरफ कथित रूप से लव जिहाद के इस मामले को लेकर विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमा शंकर तिवारी ने जोरापोखर पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि 48 घन्टे के अंदर युवती बरामद नहीं हुई तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। तिवारी ने कहा कि यह पूरी तरह से लव जिहाद का मामला है।

पांचवें दिन पोखरिया से निकला सुनील का शव

नई दिल्ली मोहल्ला स्थित धनसार पोखरिया में डूबे सुनील भुइयां का शव मंगलवार सुबह मिल गया। शुक्रवार को डूबने के बाद से ही पोखरिया में खोज अभियान चलाया जा रहा है। सुनील को खोजने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी लगाई गई थी। मंगलवार सुबह सुनील का शव खुद पानी के ऊपर उपलता मिला। इसके बाद धनसार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  पांच दिन पहले शुक्रवार को पोखरिया में शंकर रविदास स्नान करने गया था। इस दाैरान वह डूब गया। उसे खोजने के लिए सुनील भुइयां पोखरिया में उतरा तो वह भी डूब गया।

कोयला क्षेत्र के सफेदपोशों के खिलाफ होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एक बार फिर कोयला क्षेत्र के सफेदपोश अपराधियों पर लगाम लगाने की बात दोहराई है। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि कोयला क्षेत्र में काम कर रहे रैकटों की पहचान कर कार्रवाई करें। पर बड़ा सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री के निर्देशों का कोयला क्षेत्र के डीसी-एसपी पालन करेंगे। क्योंकि कोयला क्षेत्र में इस समय ज्यादातर सफेदपोश अपराधी सत्ताधारी भाजपा से ही जुड़े हैं। ऐसे लोगों पर हाथ डालने से पहले डीसी-एसपी साै बात सोचते हैं।

जबरन सेवानिवृत्त किए जाएंगे कामचोर रेलकर्मी

अगर आप रेलवे कर्मचारी हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है। अब आपको अपने विभाग में पूरी शिद्दत से काम करना होगा। अगर आप काम में कोताही बरतते पाए जाते हैं तो आपकी छुट्टी हो सकती है। रेलवे बोर्ड ने जोनल मुख्यालयों को पत्र जारी किया है, जिसमें ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा गया है जो काम में लापरवाही बरतते हैं। हर महीने के पहले सप्ताह तक ऐसे रेलकर्मियों की सूची भेजने का आदेश जारी किया है। काम में कोताही बरतने वाले रेलकर्मियों को समय से पूर्व सेवानिवृत्त किया जा सकता है। बोर्ड से जारी पत्र के बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.