बारिश में छाता लगा निरीक्षण को निकले डीआरएम, महिलाओं ने सुनाई खरी-खरी Dhanbad News
4 महीने पहले ही डीआरएम ने इस रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण किया था। उस दौरान कई आवासों में जाकर उन्होंने मौजूदा स्थिति देखी थी। रिस रही छत का मेंटेनेंस करने का निर्देश भी दिया था।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद रेल मंडल प्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा शनिवार को बारिश के बीच छाता लगाकर रेल कॉलोनी का निरीक्षण करने पहुंचे। तेज बारिश के कारण डीआरएम समेत सभी अधिकारी छाता में थे। इस दौरान उन्होंने कॉलोनी में बने खटाल, बजबजाती नालियां और सड़क किनारे फैली गंदगी को देख नाराजगी जताई। कॉलोनी पहुंचे डीआरएम को महिलाओं ने घेर लिया और उन्हें सफाई व्यवस्था पर खूब खरी-खरी सुनाई। डीआरएम ने आश्वस्त किया जल्द ही कॉलोनी की व्यवस्था बदलेगी। उनके साथ अन्य विभागीय अधिकारियों समेत यूनियन के प्रतिनिधि भी थे।
दरअसल , तकरीबन 4 महीने पहले ही डीआरएम ने इस रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण किया था। उस दौरान कई आवासों में जाकर उन्होंने मौजूदा स्थिति देखी थी। रिस रही छत का मेंटेनेंस करने का निर्देश भी दिया था। साथ ही अवैध कब्जा वाले रेल आवासों के साथ साथ खटालों को हटाने की बात कही थी। रेलवे कॉलोनी से अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए चारदीवारी निर्माण कराने की भी योजना बनी थी। इतने दिन गुजर जाने के बाद भी इस दिशा में कुछ नहीं हुआ। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आखिरकार शनिवार को डीआरएम दोबारा निरीक्षण करने पहुंचे।