Top Dhanbad News of the day, Thursday, July 4, 2019, मिट्टी मंजिल, सांसद पीएन सिंह, बीस सूत्री ड्रामा, रेल अनुदान, कुमारधुबी कोलियरी
मिट्टी मंजिल से पहले पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लिया। सांसद के मोहल्ले में जल संकट। बीस सूत्री की बैठक में ड्रामा। मृत रेल कर्मचारियों के परिजनों को मिलेंगे 25 हजार अनुदान।
धनबाद, जेएनएन। जोरापोखर पुलिस ने गुरुवार को एक महिला का शव उस समय कब्जे में ले लिया जब अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। महिला के पति पर मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। सांसद पीएन के मोहल्ले में जल संकट पर हंगामा। धनबाद प्रखंड बीस सूत्री की बैठक में चला कुर्सी का ड्रामा। रेल कर्मचारियों को मरने पर मिलेगा 25 हजार का अनुदान। नियोजन के लिए कुमारधुबी कोलियरी का उत्पादन ठप।
मिट्टी मंजिल की थी तैयारी, पुलिस ने कब्जे में लिया शव
जोरापोखर थाना क्षेत्र के रमजानपुर में गुरुवार को ठेका मजदूर मोकिम अंसारी की पत्नी 32 वर्षीय मैरून निशा की मिट्टी मंजिल की तैयारी चल रही थी। मिट्टी मंजिल में भाग लेने के लिए मोकिम अंसारी के घर समाज के लोग पहुंचे थे। दूसरी तरफ कब्रिस्तान में भी शव को दफनाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे थे। अचानक जोरापोखर थाना की पुलिस मोकिम अंसारी के दबिश देती है। और मैरून निशा का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जाता है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतका के भाई की शिकायत के बाद की। आरोप है कि मैरून के परिवार वालों ने हत्या की है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को मृतका के पति के बजाय उसके भाई के हवाले कर दिया। इसके बाद मिट्टी मंजिल मृतका के नैहर भौंरा में हुई।
सांसद पीएन सिंह के मोहल्ले में जल संकट पर हंगामा
केंद्र और झारखंड में सत्ताधारी भाजपा के कद्दावार सांसद पीएन सिंह के साथ साजिश हुई है। उनके मोहल्ले में ही पानी की आपूर्ति रोक दी गई। जल संकट से परेशान अनुग्रह नगर कॉलोनी के लोगों ने गुरुवार को हंगामा किया। इसके बाद पेयजल विभाग के कर्मचारियों ने पाइप लाइन के अंदर से प्लेट निकालकर जलापूर्ति बहाल की। हालांकि पेयजल विभाग ने किसी साजिश से इन्कार किया है। अनुग्रह नगर कॉलोनी धनसार में धनबाद के सांसद पीएन सिंह का आवास है। एक सप्ताह पहले अचानक कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था ठप पड़ गई। जलापूर्ति पाइप लाइन से पहुंचने वाला पानी की तेज धार मंद हो गई। कई घरों में तो जलापूर्ति ठप हो गई। परेशान लोगों ने सांसद से मिलकर जल संकट की तरफ ध्यान दिलाया। सांसद ने 30 जून को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपाकल अभियंता को पत्र लिखा था।
धनबाद प्रखंड 20 सूत्री की बैठक में जमीन पर बैठे अध्यक्ष
धनबाद प्रखंड 20 सूत्री की बैठक में गुरुवार को जमकर ड्रामा हुआ। ड्रामे का क्लाइमेक्स यह रहा कि कुर्सी नहीं मिलने से नाराज प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह जमीन पर ही बैठ गए। इसके बाद उन्हें मनाया गया। मनाने में आधे घंटे का समय जाया हुआ। फिर बैठक शुरू हुई। धनबाद प्रखंड में हुई बैठक के दाैरान अध्यक्ष मनोज सिंह के बैठने के लिए बीडीओ के बगल में कुर्सी नहीं लगाई गई थी। जब वह पहुंचे तो बैठक शुरू हो गई थी। बीडीओ ने उन्हें बैठने के लिए नहीं पूछा। बीडीओ के बगल में डीटीओ और दूसरे अधिकारी बैठे थे। इससे अाहत भाजपा नेता बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज समर्थकों के साथ जमीन पर ही बैठ गए। सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी उदय रजक पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीडीओ की शिकायत उपायुक्त और राज्य सरकार के अधिकारियों से की जाएगी।
अब रेल कर्मचारियों की मृत्यु पर मिलेगा रुपये 25 हजार अनुदान
रेलवे ने अपने कर्मचारियों की मृत्यु के बाद फौरी राहत के ताैर पर दिए जाने वाले अनुदान में वृद्धि की है। अब तक 15 हजार का अनुदान दिया जाता था। इसे बढ़ा 25 हजार कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड के इस निर्णय का मजदूर संगठनों ने स्वागत किया है। कर्मचारियों की मृत्यु के बाद दिए जाने वाले अनुदान में वृद्धि के बाबत रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी किया है। रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना कल्याण डीवी राव ने सभी जोन को पत्र जारी कर दिया है। पत्र में संशोधित आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे के इस निर्णय का कर्मचारी यूनियनों स्वागत किया है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के शाखा- 2 के संयुक्त सचिव एनके खवास ने कहा कि ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन और ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन लंबे समय से तत्काल राहत की राशि में बढ़ोतरी की मांग कर रही थी।
सड़क दुर्घटना में कोलकर्मी की माैत, कोलियरी का उत्पान ठप
ईसीएल की मुगमा क्षेत्र की कुमारधुबी कोलियरी के भाग्यलखी इंक्लाइन में कार्यरत दो मजदूर बुधवार की देर रात सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। इलाज के दाैरान घायल मंटू रजक की मृत्यु हो गई। जबकि योगेंद्र चाैहान इलाजरत है। इस घटना के बाद मृतक के आश्रित को नियोजन देने की मांग को लेकर श्रमिक नेताओं और श्रमिकों ने गुरुवार सुबह कोलियरी का उत्पादन ठप कर दिया। रात्रि पाली में काम के बाद दोनों घर लाैट रहे थे। इसी दाैरान दुर्घटना हो गई। मंटू रजक की माैत के बाद उसके आश्रित को नियोजन देने की मांग की जा रही है।