धनबाद में डोली उठने से पहले उठी अर्थी, सांप के डसने से युवती की मौत
धनबाद में सर्पदंश से 18 वर्षीय रुमन कुमारी की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने एसएनएमएमसीएच में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

मृतका 18 वर्षीय रुमन कुमारी। (फाइल फोटो)
HighLights
धनबाद में 18 वर्षीय रुमन कुमारी की सर्पदंश से मौत।
परिजनों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।
नवंबर में होने वाली शादी से पहले परिवार में मातम छा गया।
संवाद सूत्र, धनसार। बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र के भालगोरा टीना धौड़ा में सर्पदंश से 18 वर्षीय रुमन कुमारी की रविवार की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
युवती की मौत के बाद स्वजन ने एसएनएमएमसीएच में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
उन्होंने अस्पताल में सर्पदंश के मरीजों के लिए समुचित इलाज की व्यवस्था और पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की।
स्वजन के अनुसार रुमन रविवार को घर में खाना बनाने के लिए सामग्री लाने दुकान जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में सांप ने उसे डंस लिया।
घटना के बाद स्वजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नवंबर में थी शादी
स्वजन का आरोप है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी जान चली गई। बताया जाता है कि रुमन की शादी नवंबर में बिहार के छपरा में होने वाली थी।
शादी से पहले ही उसकी मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा है। डोली उठने से पहले अर्थी उठने से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता राजेश यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य इस घटना से गहरे सदमे में है।
