जमीन की नापी के दौरान अंचल कर्मियों से नोकझोंक
चितरा (देवघर) सारठ-पालोजोरी वाया बस्ती सड़क मार्ग पर टेढ़ी मोड़ के समीप विवादित सड़क क
चितरा (देवघर) : सारठ-पालोजोरी वाया बस्ती सड़क मार्ग पर टेढ़ी मोड़ के समीप विवादित सड़क की भूमि की शुक्रवार को पुनर्मापी कर सत्यापित किया गया। अंचल की टीम ने पूर्व की मापी को सही करार दिया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों व मापी टीम के बीच जमकर नोकझोंक हुई। जानकारी हो कि अंचल निरीक्षक संजय दुबे, अमीन किशोरी रवानी और नूर मोहम्मद विवादित स्थल की मापी कर ही रहे थे तभी अतिक्रमणकारी परिवार के लोग उनसे उलझ पड़े। दोनों के बीच काफी नोकझोंक हुई। इसकी खबर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी साकेत कुमार सिन्हा व स्थानीय थाने को दी गई। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में पूर्व की मापी को इस टीम ने सत्यापित कर दिखाया। इस संबंध में अंचल निरीक्षक दुबे ने बताया कि मधुपुर नगर पालिका, अनुमंडल और अंचल अमीन की एक संयुक्त टीम बनी थी। पूर्व में ही सड़क की जमीन की मापी कर उसे चिन्हित कर दिया गया था। लेकिन अतिक्रमणकारियों ने उस चिन्ह को मिटा डाला। इस स्थान पर अधूरे सड़क निर्माण में अवरोध पैदा इसी कारण से हो रहा था। इस संबंध में अंचलाधिकारी सिन्हा ने कहा कि अतिक्रमणकारी स्वेच्छा से जमीन खाली कर सड़क निर्माण में सहयोग करें। अन्यथा प्रशासन का इस मामले में हस्तक्षेप होगा।