पालोजोरी में युवक की हत्या, कुएं में मिला शव
संवाद सूत्र पालोजोरी (देवघर) तीन दिन से लापता नकुल मंडल (26 वर्ष) का शव गांव के समीप सिचाई
संवाद सूत्र, पालोजोरी (देवघर) : तीन दिन से लापता नकुल मंडल (26 वर्ष) का शव गांव के समीप सिचाई कूप में मिलने को लेकर थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक के पिता झुपर मंडल के बयान पर दर्ज मामले में गांव के ही मुकेश मंडल,अनुज मंडल, नरेश मंडल,अशोक मंडल, दिनेश मंडल, निर्भय मंडल, प्रदीप मंडल व राजेश मंडल को आरोपित बनाया गया है। आरोपितों पर जमीन विवाद को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
पिता कहना है कि 11 अप्रैल की रात नकुल घर में सोया था। रात करीब 12:00 बजे गांव का ही मुकेश मंडल उनके घर पहुंचा और नकुल को घर से बाहर बुलाया। उसके बाहर निकलने के बाद पीछे से वह भी निकले। बिजली की रोशनी में देखा कि सभी आरोपित घर के बाहर खड़े थे। बाद में उनका पुत्र भी सभी आरोपितों के साथ चल गया। रात में वह घर नहीं लौटा। सुबह मुकेश मंडल के घर जाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उनका बेटा घर पहुंच जाएगा। लेकिन कई घंटों बाद भी वह घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ भी पता नहीं चला। इसी दौरान 14 अप्रैल को नकुल का शव कुआं में तैरता हुआ दिखा। मामले की सूचना पालोजोरी पुलिस को दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को कुएं से बाहर निकाला गया। चेहरा व नाक पर खून व जख्म के निशान पाया गया था।