युवक की संदिग्ध हालत में मौत, तालाब से शव बरामद
देवघर के नंदन पहाड़ तालाब से रविवार सुबह एक युवक का शव मिला। मृतक सुधांशु बरनावाल के स्वजनों के मुताबिक वह सुबह घर से टहलने निकला था लेकिन काफी देर बाद भी वह घर नहीं पहुंचा। जिस जगह उसका शव मिला वह पानी डूबा हुआ था जबकि पैर बाहर था।
जागरण संवाददाता, देवघर : नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ तालाब से रविवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक 35 वर्षीय सुधांशु बरनवाल उर्फ अंशु सिंघवा का रहने वाला है। उसकी मौत संदिग्ध हालत में हुई है। बताया जाता है कि हर दिन सुबह वह टहलने के लिए निकलता था। शारीरिक तौर पर वह कुछ हद तक दिव्यांग था। हर दिन की तरह आज भी वह टहलने निकला था। लेकिन उसके बाद काफी देर तक लौटकर नहीं आया। इसी बीच आसपास के लोगों ने तालाब में एक शव को देखा। शव का सिर पानी में डूबा हुआ था और पैर बाहर था। सूचना मिलने पर स्वजन भी वहां पहुंचे और मृतक के चप्पल को देखकर उसकी पहचान की गई। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना के एसआइ अनूप कुमार, राम कृष्ण मार्डी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने स्वजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। मृतक की मौत कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि पैर फिसल जाने के कारण ये हादसा हुआ है। क्योंकि वह कपड़ा पहने हुए हैं और उसके पैर में चप्पल भी है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है। बताया जाता है कि मृतक की शादी ठीक हो चुकी थी। नवंबर में उसकी शादी होने वाली थी। जहां उसकी शादी ठीक हुई थी वहां शगुन भेजा जाना था इसी बीच हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलू की जांच कर रही है।