देवघर से गिरिडीह की सीमा में भेजे गए गजराज
संवाद सहयोगी, करौं (देवघर): जंगली हाथियों का झुंड सोमवार की रात करौं थाना क्षेत्र के
संवाद सहयोगी, करौं (देवघर): जंगली हाथियों का झुंड सोमवार की रात करौं थाना क्षेत्र के पथरोल, भितिया, बड़जोरा, ढकवा, बसकूपी, दिगबाद, तुलसीटांड़ आदि गांवों में भटकता रहा। इससे दहशत के माहौल में लोगों की रात गुजरी। हाथियों के डर से लोगों को रतजगा करना पड़ा। हाथियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण देखने के लिए पहुंचने लगे।
सबसे पहले हाथियों का झुंड पथरोल होते हुए थाना क्षेत्र में प्रवेश किया। विभाग के वन क्षेत्र पदाधिकारी महादेव रजक वनपाल व वनरक्षी झुंड के पीछे-पीछे ही चल रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों को हाथियों के झुंड से दूर रहने की अपील किया। सूचना मिलते ही एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल भी वहां पहुंचे। इसके बाद झुंड खमरबाद, भितिया, कसैया, बड़जोरा गांव होते हुए ढकवा गांव पहुंचा। इस दौरान झुंड ने ढकवा निवासी मीरूलाल मुर्मू के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। वन विभाग की टीम ने हाथियों को खदेड़कर नदी पार कराते हुए बसकूपी पहुंचा दिया। यहां हाथियों ने मोहन तुरी, पल्टू तुरी एवं बाघा तुरी के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह चार बजे बसकूपी से हाथियों का झुंड दिगबाद, तुलसीटांड़ होते हुए मारगोमुंडा थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गया। यहां बुधन राय के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वन विभाग के प्रयास से हाथियों के झुंड को गिरिडीह जिला की सीमा में प्रवेश कराकर देवघर जिला के वन अधिकारियों ने चैन की सांस ली। -----------------------
हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए घरों का आकलन किया जाएगा। इसके बाद विभाग की ओर से उचित मुआवजा दिया जाएगा।
- महादेव रजक, वन क्षेत्र पदाधिकारी