झमाझम बारिश से बाबानगरी में तापमान गिरा
जागरण संवाददाता, देवघर : दो दिनों से बाबानगरी व आसपास के इलाके में हो रही बरसात के का
जागरण संवाददाता, देवघर : दो दिनों से बाबानगरी व आसपास के इलाके में हो रही बरसात के कारण मौसम का मिजाज तेजी से बदला है। सबसे ज्यादा बदलाव दिन के तापमान में देखा जा रहा है। मंगलवार को यहां का अधिकतम तापमान 16 डिग्री तो न्यूनतम 10 डिग्री तक पहुंच चुकी है। बारिश के साथ ही पूरे दिन ठंडी हवा भी बहती रही जिस कारण लोगों ने अधिक परेशानी महसूस की। ठंड व बारिश का असर ये है कि दिन में भी सड़क पर बहुत कम नजर आ रहे हैं। जो निकले भी हैं गर्म कपड़ा व छाता लेकर निकले हैं। कई जगह लोग दिन में भी अलाव तापते हुए नजर आए। हालांकि अब तक नगर निगम की ओर से सार्वजनिक जगहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इस मौसम में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। बच्चों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने स्कूल के समय में बदलाव के निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के तहत बुधवार दोपहर बाद से कुछ हद तक मौसम साफ होगा। हालांकि इसके साथ ही शीतलहर भी बढ़ेगा और रात का तापमान आठ डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि इस बारिश से किसानों ने काफी राहत महसूस की है। यह बारिश रबी फसल में काफी मददगार होगी। इससे सब्जी, गेंहू, सरसों आदि की अच्छी पैदावार होगी।