डकैती करने का बना रहे थे प्लान, पुलिस ने दबोचा
नगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डकैती का प्लान बना रहे दो युवकों को गुरुवार की देर रात धर दबोचा।
देवघर : नगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डकैती का प्लान बना रहे दो युवकों को गुरुवार की देर रात धर दबोचा। पकड़े गए युवक कालीबाड़ी मोहल्ला निवासी सुन्नी कुमार सिंह उर्फ प्रत्यूष कुमार सिंह व बेलाबगान निवासी गोपी किशन उर्फ रिदम राज के पास से एक पिस्तौल, एक जिदा कारतूस, एक मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विक्रम प्रताप सिंह को देवघर जसीडीह मुख्य पथ स्थित डढ़वा नदी पुल के समीप कुछ युवक हथियार के साथ डकैती की योजना बनाने के संबंध में गुप्त सूचना मिली। थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीएसआइ अजय कुमार यादव, पीएसआइ कुमार अभिषेक, एएसआइ विजय कुमार मंडल, रामानुज सिंह व श्रीकांत बाजपेयी सहित अन्य जवानों की टीम को छापेमारी करने का निर्देश दिया। टीम जैसे ही डढ़वा नदी पुल के समीप पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस जवानों की मदद से दोनों को धर दबोचा गया। पकड़े गए युवकों की तलाशी ली गई। इस क्रम में सन्नी के पास से पिस्तौल व मैगजीन बरामद किया गया जबकि गोपी के पास से एक जिदा गोली व दो मोबाइल फोन बरामद किया गया। टीम दोनों को थाना ले कर आयी। पूछताछ में दोनों ने डकैती का प्लान बनाने की बात पुलिस के समक्ष स्वीकार की। पुलिस दोनों युवकों के आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है। साथ पिस्तौल सप्लाई करने वाले का भी पता लगाने में जुटी है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी को डकैती की योजना बनाने के संबंध में मिली गुप्त सूचना के आधार पर गस्ती दल को छापेमारी करने का निर्देश दिया। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे युवकों को पकड़ा गया। पुलिस हथियार की सप्लाई करने वाले के साथ-साथ दोनों आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।
विकास चंद्र श्रीवास्तव, एसडीपीओ, देवघर।