राष्ट्रपति के लिए सजधज कर बाबा नगरी तैयार, जानिए भोजन मैन्यू में क्या-क्या खास Deoghar News
राष्ट्रपति के देवघर परिसदन पर एक से तीन बजे तक खाने-पीने का मेन्यू भी तैयार किया गया है। परिसदन पहुंचने पर सबसे पहले राष्ट्रपति को नारियल पानी दिया जाएगा।
देवघर, जेएनएन। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को देवघर पहुंच रहे हैं। इनके स्वागत और सुरक्षा को लेकर पूरी चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। इसके अलावा देवघर परिसदन सजकर तैयार हो चुका है। परिसदन में राष्ट्रपति लगभग ढाई घंटा व्यतीत करेंगे। राष्ट्रपति हवाई मार्ग से 12.20 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से 12.30 बजे बाबा मंदिर आएंगे, जहां बाबा की पूजा-अर्चना करेंगे।
बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने के बाद 1.15 बजे बाबा मंदिर से राष्ट्रपति देवघर परिसदन के लिए रवाना होंगे। उनके एयरपोर्ट, बाबा मंदिर व देवघर परिसदन सहित उनके मार्ग में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग को पांच जोन में बांटकर पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को प्रतिनियुक्त किया गया है। देवघर परिसदन के जिस रूम में राष्ट्रपति के रुकने की व्यवस्था की गई है, उसमें जिम भी बना दिया गया है।
नारियल पानी के साथ लिट्टी-चोखा की भी व्यवस्था : राष्ट्रपति के देवघर परिसदन में अपराह्न एक से शाम तीन बजे तक खाने-पीने का मेन्यू भी तैयार किया गया है। परिसदन पहुंचने पर सबसे पहले राष्ट्रपति को नारियल पानी दिया जाएगा। ताजा जूस के बाद उन्हें ग्रीन टी परोसा जाएगा। हिंग व पालक के सूप के अलावा मुलीगटॉनी सूप व ब्रेड रोल सहित विभिन्न तरह का सलाद के साथ मैकरोनी पास्ता व दही बड़ा दिया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रपति के लिए मेथी चमन, कॉर्न फ्लेक्स, लौकी-चना का दाल, जीरा के साथ येलो दाल, मैक्सीकन राइस के अलावा तंदूरी व तवा रोटी की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के लिए मीनू में परंपरागत भोजन भी है। जिसमें लिट्टी, चोखा, मखाना खीर व ताजे फलों की व्यवस्था शामिल है।