ग्रिल उखाड़कर घर से नकदी, गहना सहित 1.65 लाख की चोरी
संवाद सहयोगी सारठ थाना क्षेत्र के देवली गांव निवासी रामदेव राय के घर से चोरों ने
संवाद सहयोगी, सारठ : थाना क्षेत्र के देवली गांव निवासी रामदेव राय के घर से चोरों ने शनिवार की देर रात नकदी व गहना चोरी कर लिया। चोरी गए सामानों की कुल कीमत 1.65 लाख बतायी जाती है। बताया गया कि रामदेव राय व स्वजन में कुछ लोग एक मंजिल पर तो कुछ दूसरी मंजिल पर सोए थे। इस बीच चोरों ने एक कमरे की खिड़की का ग्रिल काट कर अंदर घुस गए। उसमें कोई नहीं था। चोर कमरे में रखा बक्सा उठाकर बाहर ले गए। पड़ोसी ने सुबह रामदेव राय को बताया कि उनके एक कमरे का खिड़की का ग्रिल उखड़ा हुआ है। उन्होंने जाकर देखा तो घर के अंदर से बक्सा गायब था। काफी खोजने पर बक्सा घर से कुछ दूरी पर सुनसान बहियार से बरामद किया गया। बक्सा का ताला टूटा हुआ था और उसमें से करीब 1.50 लाख की लागत का सोने व चांदी का गहना व 15 हजार नकद गायब था। चोरों ने बक्सा में रखा कपड़ा व अन्य सामान छोड़ दिया था। नकद पैसा रामदेव राय ने शुक्रवार को बैंक से निकला था। जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी करुणा सिंह, एएसआइ अमरेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है। पंचायत भवन में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा जांच करने पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि गांव से करीब आधा किमी दूर सबेजोर गांव स्थित पंचायत भवन में अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। यहां शराब पीने व नशा करने के साथ ये लोग जुआ भी खेलते हैं। चोरी की घटना के पीछे ऐसे तत्वों के भी हाथ होने की आशंका जताई गई। दस दिन में तीसरी घटना, पुलिस मौन :
जानकारी हो कि सबेजोर गांव स्थित दुर्गा मंदिर से पिछले चार जून को कीमती मूृर्ति चोरी कर चोरी कर ली गई थी। इस मामले की अब तक जांच हो रही है। सरकारी स्कूल में चोरी :
दो जून को सबेजोर गांव में सरकारी विद्यालय का ताला तोड़कर अनाज, बर्तन सहित करीब 25 हजार का सामान चोरी हुई थी। पिछले दस दिन में क्षेत्र में चोरी की तीसरी घटना हुई है।