शिकायतकर्ता ने ही रची थी छिनतई की साजिश
जागरण संवाददाता देवघर नगर थाना क्षेत्र के झौंसागढ़ी मोहल्ले के पास 9.18 लाख रुपये की छि
जागरण संवाददाता, देवघर : नगर थाना क्षेत्र के झौंसागढ़ी मोहल्ले के पास 9.18 लाख रुपये की छिनतई का पर्दाफाश पुलिस ने शनिवार को किया। इस वारदात में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 8.90 लाख रुपये, एक कार, एक बाइक व चार मोबाइल बरामद हुए। गए। अनुसंधान के दौरान पता चला कि शिकायतकर्ता मनीष कुमार उर्फ विनु ही इस कांड का मुख्य साजिशकर्ता है। उसने कंपनी का पैसा हड़पने के लिए छिनतई की पटकथा लिखी थी। गुरुवार की देर शाम इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
शहर में छिनतई की घटना से विधि व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। इसलिए जांच-पड़ताल के लिए एसपी धनंजय कुमार सिंह ने एसडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में एसआइटी बनाई थी। गिरफ्तार आरोपितों में शिकायतकर्ता मनीष के अलावा उसका रिश्तेदार विनीत तिवारी उर्फ बंटी व निशांत श्रीवास्तव शामिल हैं। मनीष व विनीत मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी के हैं। फिलहाल दोनों यहां रिखिया थाना क्षेत्र के खपरोडीह गांव में रह रहे थे। निशांत भी इसी इलाके का रहने वाला है। विनीत के पिता वाराणसी में एक बैंक का अधिकारी हैं। इस बाबत मनीष ने ही प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
उसने बताया था कि वह गिरीडीह के लाल फिरोज एडं एलाइज कंपनी में पांच साल से काम कर रहा है। वह कंपनी के लिए पैसा संग्रह करता है। गुरुवार को पैसा कलेक्शन करने बांका गया था। लौटकर झौंसागढ़ी मोहल्ला के एक कारोबारी के यहां गया था। वहां पैसा नहीं मिल पाया। बाहर निकलते ही बाइक पर सवार दो लोग आए और उससे रुपयों से भरा बैग छीनकर मंदर मोड़ की ओर भाग गए। हालांकि घटना और पुलिस को सूचना देने के समय में काफी अंतर था। इसी से पु्लिस टीम को शक हुआ। अनुसंधान व तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने सख्ती बरती तको मनीष ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि दो साथियों की मदद से कंपनी का पैसा हड़पने के लिए साजिश रचा थी। पुलिस ने 8.62 लाख रुपये बंटी के घर से बरामद किया। 27 हजार कार से बरामद हुआ।
मामलों को उजागर करने में नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, एसआइ हीरालाल तुबिद, एएसआइ रामानुज सिंह व अन्य शामिल थे। ------------
दो दिन पूर्व नगर थाना क्षेत्र में हुए लाखों की छिनतई का पर्दाफाश कर लिया गया है। रुपये बरामद किए गए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके लिए पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
सुदर्शन प्रसाद मंडल, डीआइजी दुमका।