खदान में विस्फोट, बाल-बाल बचे ग्रामीण
देवघर के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के लहरजोरी गांव स्थित पत्थर खदान में सोमवार को किए गए विस्फोट के कारण ग्रामीण बाल-बाल बच गए।
मधुपुर : देवघर के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के लहरजोरी गांव स्थित पत्थर खदान में सोमवार को किए गए विस्फोट के कारण ग्रामीण बाल-बाल बच गए। विस्फोट के कारण खदान का पत्थर उड़कर लोगों के घरों तक पहुंच गया। लोग जान बचाकर घर से बाहर दौड़ पड़े। जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड प्रमुख मुबारक अंसारी ने बताया कि खदान मारगोमुंडा थाना क्षेत्र में पड़ता है। जबकि जमीन का कुछ हिस्सा करमाटांड़ में भी है। खदान में विस्फोट से कई घरों में दरार पड़ गई है। विस्फोट के कारण चोरण मरांडी, छोटे लाल मरांडी, सोखा मरांडी, दिगलाल मरांडी, सरकारी मरांडी, मजरूद्दीन मियां, इमत्याज मियां आदि के घरों को नुकसान हुआ है। जिस जगह खदान है वह गांव से महज एक हजार मीटर की दूरी पर है। वहीं सूचना मिलने पर करमाटांड़ व मारगोमुंडा क पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इसके साथ जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी गांव पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि वे उपायुक्त से बात कर अविलंब खदान का लीज रद करने को कहेंगे। खदान के मालिक पर भी मामला दर्ज करने को कहा गया है। विधायक ने कहा कि पहले से ग्रामीणों द्वारा शिकायत की जा रही थी। प्रशासन व विभागीय पदाधिकारियों की मिली भगत से खदान का संचालन किया जा रहा है। यहां होने वाले विस्फोट के कारण गांव में डर का माहौल है। बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते। आज की घटना में कई लोग बाल-बाल बच गए हैं। यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने पदाधिकारियों से ब्लास्टिग के कारण हुई क्षतिपूर्ति का आकलन करने को कहा है।