वज्रपात से छह की मौत, आधा दर्जन गंभीर
जागरण संवाददाता देवघर कुंडा जसीडीह व देवीपुर बुढ़ैई थाना क्षेत्र में वज्रपात की अलग-अलग
जागरण संवाददाता, देवघर: कुंडा, जसीडीह व देवीपुर, बुढ़ैई थाना क्षेत्र में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक किशोरी सहित छह की मौत हो गई। कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन रोड स्थित बरमरिया गांव के समीप हुई घटना में कुंडा थाना क्षेत्र के जागृति नगर मोहल्ला निवासी (मूलत: देवीपुर बाघमारी) हरे कृष्ण राय उर्फ सोनू (35 वर्ष) व कुंडा थाना क्षेत्र के दुधनिया निवासी दिनेश्वर महतो (50 वर्ष) व अनिल यादव (35 वर्ष) की मौत हो गई। जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित गिधया पात्थर गांव में हुई घटना में ज्योति कुमारी (14 वर्षीया) की मौत हो गई। इधर, बुढ़ई थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में महिला सहित दो की मौत हो गई। पथरिया गांव के समीप हुए वज्रपात की घटना में देवीपुर थाना क्षेत्र के नवाडीह कारीकादो गांव निवासी खुर्शीद आलम (40 वर्ष) व बुढ़ैई थाना क्षेत्र के सुग्गापहाड़ी गांव निवासी सफेदा खातून (28 वर्षीया) की मौत हो गई। इसी घटना में एक मवेशी की भी मौत हो गई।
इधर, कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन बरमरिया के समीप एक मकान में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से देवीपुर थाना क्षेत्र के बुच्चीपहाड़ी गांव निवासी विजय मंडल, निरंजन मंडल, धीरज मंडल व परमानंद मंडल वज्रपात की घटना में झुलस गए। उसी स्थान पर एक दैनिक अखबार के रिपोर्टर लक्ष्मण भी गंभीर रूप से झुलस गए। रिखिया थाना क्षेत्र में हुई घटना में थाना क्षेत्र के केराबाद निवासी उर्मिला देवी भी झुलस गई। बताया जाता है कि वह अपने घर के बाहर कुछ काम कर रही थी। इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गई। सभी को इलाज के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर में पानी से बचने के लिए लिया था आश्रय
बताया जाता है कि कुंडा थाना क्षेत्र के जागृति नगर मोहल्ला निवासी हरे कृष्ण उर्फ सोनू अपने घर से बरमारिया किसी काम के सिलसिले में गए थे। इसी दौरान अचानक हुई बारिश से बचने के लिए उसी स्थान पर बने एक एस्वेस्टेस से बने घर में चले गए। उसी स्थान पर दुधनिया निवासी दिनेश्वर व अनिल भी मौजूद थे। इसी दौरान अचानक हुए वज्रपात की चपेट में तीनों आ गए। जिससे तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जाता है कि घटनास्थल पर ही अनिल की मौत हो गई। जबकि सोनू व दिनेश्वर की हालत काफी गंभीर हो गई थी। स्थानीय लोगों की मदद से दिनेश्वर व अनिल को कुंडा स्थित निजी क्लिनिक ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं सोनू को सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। स्कूल से घर लौटने के क्रम में किशोरी की मौत
एक अन्य घटना जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधया पाथर गांव के समीप हुई। बताया जाता है कि किशोरी ज्योति कुमारी गांव के समीप स्कूल गई थी। स्कूल से लौटने के क्रम में अचानक तेज बारिश के साथ हुई वज्रपात की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आननफानन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुढ़ैई थाना क्षेत्र में दो की मौत
बुढ़ैई थाना क्षेत्र में दो अलग अलग वज्रपात की घटना में थाना क्षेत्र के पथरिया गांव के समीप हुई वज्रपात में देवीपुर थाना क्षेत्र के नवाडीह कारीकादो गांव निवासी खुर्शीद आलम (40 वर्ष) व थाना क्षेत्र के ही सुग्गापहाड़ी गांव निवासी सफेदा खातून की मौत हो गई। वहीं घटना में एक मवेशी की भी मौत हो गई। बताया जाता है कि खुर्शीद मवेशी को लेकर उसे बांधने जा रहा था। इसी दौरान अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रुप से झुलस गया। वहीं सफेदा खातून गांव के समीप धान के खेत में चारा के लिए घास चुनने गई थी। इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गया। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए मधुपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन सहित पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, इंस्पेक्टर सत्येन्द्र प्रसाद, बुढ़ैई थाना प्रभारी हुसैन मियां, पूर्व मुखिया मो. कलाम सहित अन्य लोग अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। हर तरफ मची चीख-पुकार
घटना के बाद मृतक के सोनू के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। यहां उनके चाहने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं घटना को लेकर पूरा अस्पताल परिसर में मृतक के परिजन की चिख-पुकार मच गया। मृतक की मां व पत्नी का रो-रो कर हाल बुरा हो रहा था। मां रह-रहकर मूर्छित हो जा रही है। कुछ ऐसा ही हालत पत्नी का भी था। आसपास मौजूद लोग दोनों को संभालने का काफी प्रयास कर रहे थे लेकिन घटना ने सभी को झकझोर के रख दिया। मौके पर मौजूद लोग भी आंसू रोक नहीं पा रहे थे।
विधायक, एसडीओ व सीएस पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नारायण दास, सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विशाल सागर, अंचलाधिकारी अमर प्रसाद सहित अन्य लोग देवघर सदर अस्पताल पहुंचे। यहां मृतकों के परिजन से मिलकर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त किया। विधायक ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी ने भी घटना को लेकर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उचित सहायता प्रदान की जाएगी।