विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शरद पूर्णिमा पर उमड़ी भीड़: बैद्यनाथ मंदिर में 60 हजार भक्तों ने किया जलार्पण, बासुकीनाथ धाम पहुंचे पटना-दिल्ली के जज

Published: Sun, 25 Oct 2026 05:12 PM (IST)

Sharad Purnima 2026: देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया, जहां कांवरियों और ...और पढ़ें

शीध्र दर्शनम के रास्ते पूजा करने वालों की लगी रही भीड़।

शीध्र दर्शनम के रास्ते पूजा करने वालों की लगी रही भीड़।

HighLights

  1. देवघर बैद्यनाथ मंदिर में 60 हजार से अधिक भक्तों ने जलार्पण किया।

  2. कांवरियों और निजी वाहनों से पहुंचे श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं।

  3. बासुकीनाथ धाम में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों ने पूजा-अर्चना की।

जागरण टीम, देवघर/दुमका। शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। उत्तरवाहिनी गंगाजल लेकर 105 किलोमीटर की लंबी यात्रा पूरी कर कांवरियों का जत्था बाबाधाम पहुंचा और बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर मंगल कामना की।

इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों और रेल मार्ग से देवघर पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम यह रहा कि बाबा मंदिर से निकलकर श्रद्धालुओं की कतार संस्कार भवन, सुविधा भवन, क्यू काम्प्लेक्स होते हुए मानसरोवर तट तक पहुंच गई।

वहीं, शीघ्रदर्शनम के रास्ते पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की कतार बाबा मंदिर प्रांगण के पश्चिमी द्वार तक लगी रही। लंबी कतार में खड़े श्रद्धालुओं को बाबा की पूजा-अर्चना करने में लगभग दो से ढाई घंटे का समय लग रहा था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखा गया, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। बाबा मंदिर का पट बंद होने तक लगभग 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

पूजा अर्चना करने के साथ ही श्रद्धालुओं ने बाबा मंदिर में कई मांगलिक कार्य भी किए। इस पावन मौके पर श्रद्धालुओं ने बाबा मंदिर प्रांगण में जनेउ, मुंडन, गठबंधन, रूद्राभिषेक जैसे मांगलिक अनुष्ठान भी किए।

25DUM_M_20_25102026_165

बासुकीनाथ धाम में दिल्ली व पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीशों ने की पूजा-अर्चना

बाबा बासुकीनाथ के दरबार में रविवार को आश्विन मास, शुक्ल पक्ष, चतुर्दशी उपरांत पूर्णिमा तिथि के पावन अवसर पर दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश शैल जैन एवं पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश चंद्रशेखर झा ने हाजिरी लगाई।

दोनों न्यायाधीशों ने बाबा फौजदारीनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुरोहित कुंदन पत्रलेख, अशोक बाबा, आशीष मिश्रा सहित अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच न्यायाधीशों को स्वस्तिवाचन उपरांत पूजन का संकल्प कराया।

इसके बाद बाबा फौजदारीनाथ का दूध, दही, घी, गुड़, भांग, ईख के रस और गंगाजल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से पंचामृत स्नान कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा फौजदारीनाथ का अभिषेक और पूजन संपन्न कराया गया।

बाबा फौजदारीनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के बाद दोनों न्यायाधीशों ने मंदिर प्रांगण में स्थित दस महाविद्याओं मंदिर में एवं माता पार्वती, मां काली, पीतांबरा भगवती राजराजेश्वरी माता बगलामुखी के मंदिर में पहुंचकर विशेष पूजा की।

पूजन के उपरांत वैदिक आरती कराई गई। इस दौरान मंदिर प्रभारी सह सीओ संजय प्रसाद, एसडीपीओ नवलकिशोर सिंह, इंस्पेक्टर दयानंद साह सहित अन्य उपस्थित थे।