शिवगंगा से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
जागरण संवाददाता देवघर शिवगंगा के पानी से सोमवार सुबह लगभग 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
जागरण संवाददाता, देवघर : शिवगंगा के पानी से सोमवार सुबह लगभग 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सूचना पर बाबा मंदिर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक जींस पेंट व शर्ट पहने हुए थे। शरीर में एक-दो स्थान पर हल्का चोट का निशान भी पाया गया था। शव के पास से उसके पहचान संबंधित कोई भी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। इधर पुलिस शव की हालत को देखते हुए अनहोनी की घटना से इंकार नहीं कर रही है। हालांकि पुलिस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण का पता चल पाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जहां शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए रखा जाएगा। इसके बाद भी पहचान नहीं होने पर उसका दाह-संस्कार कर दिया जाएगा। वहीं अज्ञात शव मिलने की जानकारी मिलते ही युवा समाजसेवी दिनेशानंद झा मौके पर पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने कहा कि शव की पहचान नहीं होने की सूरत में वह अपने खर्च से मृतक का दाह संस्कार कर्म को कराएंगे। इससे पहले भी दिनेशानंद बड़ी संख्या में अज्ञात शवों का निजी खर्च से दाह संस्कार करा चुके हैं।