पंचायत अवार्ड के लिए मधुपुर की प्रमुख बबीता नामित
मधुपुर प्रखंड की प्रमुख पंचायत समिति सदस्य सह बबीता देवी को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, मधुपुर: 23 अक्टूबर को दिल्ली में पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड 2019 में मधुपुर प्रखंड की प्रमुख पंचायत समिति सदस्य सह बबीता देवी को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। झारखंड सरकार ग्रामीण विकास विभाग पंचायती राज ने जिला परिषद स्तर, पंचायत समिति स्तर तथा ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सूची राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड के लिए दिल्ली भेजा गया था। इसमें पंचायत समिति स्तर पर देवघर जिले के मधुपुर प्रखंड के पंचायत समिति सदस्य सह प्रमुख बबीता देवी एवं गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड पंचायत समिति सदस्य सह प्रमुख रामपति प्रसाद का नाम राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है। ग्रामीण विकास विभाग पंचायती राज झारखंड सरकार के निदेशक सह विशेष सचिव विनय कुमार राय ने संबंधित जिले के उपायुक्त को पत्र लिखकर 20 अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक चयनित जनप्रतिनिधियों को रांची पहुंचने को कहा गया है। यह दूसरा अवसर होगा जब मधुपुर प्रखंड को राष्ट्रीय पंचायत अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।