रूपेश हत्याकांड का खुलासा नहीं, विरोध में जनाक्रोश सभा आज
सहरजोरी निवासी रूपेश रजवार हत्याकांड में पुलिस की नाकामी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश गहराता जा रहा है।
संवाद सहयोगी, चितरा (देवघर) : सहरजोरी निवासी रूपेश रजवार हत्याकांड में पुलिस की नाकामी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश गहराता जा रहा है। अब तक रूपेश हत्याकांड की गुत्थी सुलझा पाने में विफल पुलिस की कार्यशैली पर आक्रोश जताते हुए थाना क्षेत्र के कुकराहा के नारंगी मोड़ के समीप दुर्गा मंदिर मैदान में रविवार को एक जनाक्रोश सभा करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने जनक्रोश सभा के मद्देनजर एक पर्चा जारी करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है और कहा है कि पुलिस अब तक मूकदर्शक बनी हुई है। जनाक्रोश सभा में चंदनकियारी के पूर्व विधायक हारु रजवार, रजवार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील राजवंशी, संतोष रजवार व लाल मोहन रजवार को भी हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
क्या है मामला: 10 मई की शाम सहरजोरी जंगल से चितरा थाना की पुलिस ने रूपेश रजवार का अधजला शव बरामद किया था। इस मामले की जानकारी मिलते ही सूबे के कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस को दिए थे। जेवीएम नेता से पूर्व विधायक उदयशंकर सिंह ने भी इस मामले में शामिल दोषियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की मांग की है। इधर पुलिस इस मामले में लगातार अनुसंधान का दावा कर रही है। 22 मई को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एके सिंह ने भी मृतक के परिजन समेत अन्य लोगों से पूछताछ करके लौटे हैं।