48 घंटे पूर्व सील होगी सीमा, अपराधियों पर लगेगी नकेल
जागरण संवाददाता, देवघर: लोकसभा चुनाव से 48 घंटे पहले सीमा सील कर दी जाएगी। इसके बाद बाहर
जागरण संवाददाता, देवघर: लोकसभा चुनाव से 48 घंटे पहले सीमा सील कर दी जाएगी। इसके बाद बाहरी नेता व मतदाता को प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। चुनाव से पहले और चुनाव के दिन सीमावर्ती पुलिस संयुक्त रूप से समन्वय बनाकर काम करेगी। सीमावर्ती क्षेत्र के जंगली इलाके में एलआरपी की जाएगी। शातिर अपराधियों की सूची बनाकर उनपर नकेल कसने के लिए सीसीए लगाने का भी निर्णय लिया गया। चेकनाका पर सीसीटीवी लगाकर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार को देवघर परिसदन में आगामी लोकसभा चुनाव में सीमा सील करने को लेकर अंतरराज्यीय बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता आयुक्त संताल परगना भगवान दास एवं भागलपुर आयुक्त राजेश कुमार ने की। आयुक्त संताल परगना ने कहा कि आपसी समन्वय बनाकर दोनों प्रांतों के अधिकारी कार्य करेंगे। नशीले पदार्थ एवं जाली नोटों की तस्करी पर सख्ती से नजर रखनी होगी। आयुक्त भागलपुर ने कहा कि चुनाव के दौरान सीमावर्ती राज्य व जिलों के थानों के बीच आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने के साथ उड़न दस्ता को भी प्रतिनियुक्त किया जाएगा। अपराधियों व अभियुक्तों की सीमावर्ती जिले में आवागमन पर पूरी तरह रोक लगानी होगी। असामाजिक तत्वों का ब्योरा भी साझा करने पर सहमति बनी। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विशेष चौकसी
बैठक में तय हुआ कि सीमावर्ती इलाके के बूथ खासकर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विशेष चौकसी बरती जाएगी। चेकनाका पर पैनी नजर रहेगी। उन अपराधियों की सूची बनायी जाय जो एक राज्य से अपराध कर दूसरे राज्य में शरण लेते हैं। चुनाव आने से पहले इनकी सूची एक दूसरे से शेयर कर उन पर कार्रवाई की जाए। हर हाल में चुनाव में शांति व्यवस्था बनी रहे इसका पूरा पूरा इंतजाम हो। चुनाव में अशांति फैलाने वालों को पहले से चिन्हित कर उन पर संयुक्त कार्रवाई करनी होगी। सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए रखने की चर्चा की गयी। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सभी जिला के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया।
बैठक में आइजी राज कुमार लकड़ा, उपायुक्त दुमका मुकेश कुमार, उपायुक्त गोड्डा किरण पासी, डीएम भागलपुर प्रणव कुमार, जिला दंडाधिकारी बांका, पुलिस अधीक्षक दुमका, पुलिस अधीक्षक भागलपुर, पुलिस अधीक्षक बांका, पुलिस अधीक्षक गोड्डा, पुलिस अधीक्षक जमुई, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी देवघर के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।