देवघर में हिंदुजा अस्पताल की शुरुआत, Assam CM ने कहा-मोदी सरकार में देश को मिले 22 एम्स और 846 मेडिकल कॉलेज
Deoghar के दर्दमारा में बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और पीडी हिंदुजा हास्पिटल द्वारा संचालित मल्टी स्पेशलिटी हास्पिटल का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने किया।

उद्घाटन के मौके पर हिंदुजा अस्पताल के अधिकारियों से बात करते असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, देवघर। बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के तहत पीडी हिंदुजा हास्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर द्वारा संचालित मल्टी स्पेशलिटी हास्पीटल का उदघाटन बुधवार को देवघर के दर्दमारा में असम के मुख्यमंत्री डा. हिमंता बिस्वा सरमा ने किया।
मुख्य अतिथि असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और हिंदुजा ग्रुप के संगम से यह अस्पताल जन सेवा का मंदिर बनेगा। सांसद डा निशिकांत दुबे,बीबीएमटी की चेयरपर्सन अनामिका गौतम और हिंदुजा ग्रुप के सर्विस के संगम में यह जनसेवा शुरू हुआ है।
पहले लोग इलाज कराने कोलकाता जाते थे अब लोग यहां आएंगे। एम्स और हिंदुजा कम्प्लीमेंटरी होंगे। जो एक दूसरे को ताकत देंगे। मेडिकल कालेज के शुरू होने के बाद डाक्टर की कमी भी दूर होगी।
कांग्रेस शासन में 387 मेडिकल कॉलेज, मोदी सरकार में 846
उन्होंने कहा कि देश में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव 2014 में नरेन्द्र मोदी के पीएम बनने के बाद हुआ। शासनकाल में 846 मेडिकल कालेज देश को मिला। कांग्रेस शासनकाल में इसकी संख्या केवल 387 थी।
कल तक प्रत्येक साल 51,384 डाक्टर देश को मिल रहे थे। आज हर साल 1,39,864 डाक्टर देश को मिल रहा है। मोदी शासनकाल में 22 एम्स मिला है। कहा कि जब चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी तभी गांव के स्वास्थ्य उपकेंद्र में चिकित्सक मिलेंगे।
असम में 32 मेडिकल कालेज खोलने का सपना
असम के मुख्यमंत्री डा. हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि असम में तीन मेडिकल कालेज था आज 16 हो गया है। आने वाले सात साल में हर साल दो मेडिकल कालेज खोलने की योजना पर काम कर रहे हैं।
सपना है कि असम में 32 मेडिकल कालेज खोला जाए। पहले तीन मेडिकल कालेज था आज 16 हो चुका है। पहले 350 डाक्टर राज्य में तैयार होते थे वह संख्या बढ़कर 2200 हो गयी है।
बिहार-झारखंड में सबसे बेहतरीन अस्पताल हो : डा. निशिकांत
सांसद डा. निशिकांत दुबे ने कहा कि हमारी परिकल्पना है कि बिहार, झारखंड के प्राइवेट सेक्टर में यह अस्पताल पांच विभाग न्यूरोलाजी, नेफ्रोलाजी, ग्रेस्टोलाजी, कार्डियोलाजी एवं आंकोलाजी में सबसे बेहतरीन अस्पताल हो। कहा कि स्वास्थ्य मेरे लिए राजनीति नहीं है। मेरा जुनून है।
क्योंकि इलाज के अभाव में हमने अपनी छोटी बहन को खो दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देवघर में एम्स दिया है। सांसद ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री डा. हिमंता विस्वा सरमा ने दस साल में बड़ा परिवर्तन किया है।
खासकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बहुत काम हुआ है। बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की चेयरपर्सन अनामिका गौतम, हिंदुजा हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सीईओ गौतम खन्ना, बीबीएमटी के सीईओ युवराज सिंह, एम्स के निदेशक डा नितिन गंगने उपस्थित थे।
हिंदुजा ग्रुप स्वास्थ्य के क्षेत्र में 75 साल से कार्य कर रही है। एक नामचीन संस्था है। इस अस्पताल से संताल परगना, बिहार के सीमावर्ती इलाके के लोगों को लाभ होगा।
