पुलिस पर हत्या को आत्महत्या में बदलने का आरोप
संवाद सहयोगीसारठ दहेज की खातिर बेटी की हत्या किए जाने के ढाई माह बाद भी हत्यारों क
संवाद सहयोगी,सारठ : दहेज की खातिर बेटी की हत्या किए जाने के ढाई माह बाद भी हत्यारों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किये जाने पर मृतका के पिता विजय चौधरी ने एसडीपीओ आमोद नारायण सिंह से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। आरोप लगाया कि पुलिस दहेज हत्या को आत्महत्या करार देने में लगी है। मृतका के पिता ने पुलिस महानिरीक्षक रांची, पुलिस उप महानिरीक्षक दुमका, पुलिस अधीक्षक देवघर को पत्र लिखकर कांड का दोबारा पर्यवेक्षण करने की मांग की है।
विजय चौधरी गिरिडीह जिला के देवरी थाना के घसकरीडीह के निवासी है। एसडीपीओ को बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री मधु कुमारी की शादी 21 मई को पथरडा थाना के रक्सा गांव के सूरज राय के साथ किया था। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुर अनिल राय, सास सावित्री देवी व पति सूरज राय दहेज में बुलेट, टीवी एवं फ्रिज की मांग कर रहे थे। इसको लेकर अक्सर ससुराल वाले शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देते थे। शादी के बाद न तो उनके पुत्री को मायके जाने देते थे और न ही फोन पर बात कराते थे। इसको लेकर कई बार ससुराल वाले से विनती भी किए। इसी बीच 16 अगस्त को सूचना मिला की मधु की मौत हो गई है। सूचना पर परिजन रक्सा गांव पहुंचे तो देखा कि मधु का शव खाट पर है और गले में जख्म का निशान है। ससुराल वाले सभी घर से भाग गए थे। मृतका के पिता के बयान पर थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। लेकिन आज तक पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रयास नहीं किया। आरोपित पति ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। लेकिन सास व ससुर आज भी घर पर हैं।
एसडीपीओ आमोद नारायण सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिग बताया गया है। पूर्व के एसडीपीओ ने मामले में रिपोर्ट दे दी है।