चारों तरफ लग रहा मां का जयकारा
संवाद सहयोगी करौं (देवघर) ऐतिहासिक व पौराणिक नगरी करौं समेत डिडाकोली पथरौल सिर
संवाद सहयोगी, करौं (देवघर): ऐतिहासिक व पौराणिक नगरी करौं समेत डिडाकोली, पथरौल, सिरसा, बसकूपी, चोपकियारी, टेकरा, मांझतर में दुर्गोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मायेर जय से सारा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा है। चारों ओर माता के भजन एवं दुर्गा सप्तशती के पाठ से वातावरण भक्तिमय है। पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में लीन हो गया है। माता के दर्शन को लेकर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। प्रखंड के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में शनिवार को देवी दुर्गा के आठवें रूप महागौरी की पूजा विधि-विधान से की गई। ऐसी मान्यता है कि महागौरी की पूजा से हर प्रकार की सिद्धि प्राप्त होती है। अष्टमी को यहां मां दुर्गा के सामने नौ कलश स्थापित किया जाता है। उन कलशों में देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। महाअष्टमी के दिन उपवास रखने का खास महत्व है। मान्यता है कि उपवास रखने से बच्चे दीर्घायु होते हैं। विजयादशमी को नहीं लगेगा मेला
विजयादशमी को कर्णेश्वर स्थित दुर्गा मंदिर, बसकूपी, सिरसा व पथरौल में मेला लगता था। मेले दूरदराज से सैकड़ों की तदाद में श्रद्धालु पहुंचते थे। लेकिन कोरोना संक्रमण काल के कारण इस वर्ष मेला का आयोजन नहीं होगा। सोमवार देर शाम विभिन्न दुर्गा मंदिरों में स्थापित प्रतिमा का बारी-बारी से विसर्जन किया जाएगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। करौं एवं पथरौल थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है। जगह-जगह चैकीदारों को तैनात किया गया है। करौं थाना प्रभारी राजेश टुडू एवं पथरौल थाना प्रभारी असीम कमल टोपनो ने लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा मनाने की अपील किया है। कहा कि अफवाहों से दूर रहें एवं किसी अप्रिय घटना घटने पर पुलिस को तुरंत सूचित करें। वहीं सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन का बखूबी पालन किया जाए।