देवघर में शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में लगी भीषण आग, करीब 30 लाख का सामान राख
देवघर के कुंडा मोड़ स्थित दो दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण करीब 30 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
-1782630228359_m.webp)
HighLights
देवघर में दो दुकानों में लगी भीषण आग।
शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण बताया।
करीब 30 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।
जागरण संवाददाता, देवघर। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग मोहल्ला के कुंडा मोड के पास स्थित दो दुकानों में रविवार की सुबह अचानक आग लग जाने से 30 लाख के करीब का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
आग उषा ट्रेडर्स व शिव शक्ति स्टोर नामक दो दुकान में लगी है। दोनों दुकान एक दूसरे से सटे हुए हैं। अनुमान के मुताबिक इस आग लगने की घटना में लगभग 30 लाख का सामान जलकर राख हो गया है। ये आग सुबह करीब 4:30 बजे लगी है।
आशंका है कि शार्ट सर्किट के कारण ये आग लगी है। बताया जाता है कि लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और दुकानदारों को फोन का सूचना दी। सूचना मिलने पर दोनों दुकानदार मौके पर पहुंचे। उसके बाद इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गयी। सूचना मिलने के काफी देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक दोनों दुकान के अंदर रखा सामान लगभग पूरी तरह से जलकर नष्ट हो चुका था। आग बुझाने के कार्य में दोनों दुकानदारों की मदद आसपास के लोगों ने भी की। हालांकि आग की लपट इतनी तेज थी कि आग पर काबू पाया जाना आसान नहीं था।
बताया जाता है कि आग पहले किराना सह स्टेशनरी दुकान शिव शक्ति स्टोर में लगी और ये आग तेजी से पास के हार्ड वेयर सह प्लाई वूड की दुकान उषा ट्रेडर्स नामक दुकान में फैल गयी।

उषा ट्रेडर्स के मालिक संजय कुमार के मुताबिक इस घटना में करीब 15-17 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। वहीं शिव शक्ति स्टोर्स के मालिक राजेश कुमार गोप के मुताबिक आग के कारण दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया है।
इस घटना में 10 से 12 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर कुंडा थाना की पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इस दौरान वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए थे।
