जिस पर था भरोसा, उसी ने लगाया चूना! देवघर में करीब 1 करोड़ के बीज-दवा की हेराफेरी का मामला
सारठ के किसान बीज भंडार से लगभग एक करोड़ रुपये के बीज और दवा की चोरी का मामला सामने आया ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
सारठ के किसान बीज भंडार में एक करोड़ की चोरी।
दुकान के दो कर्मचारियों पर हेराफेरी का आरोप।
संवाद सहयोगी, सारठ (देवघर)। सारठ शांति चौक के नीचे किसान बीज भंडार से लगभग एक करोड़ रुपए कीमत का बीज एवं दवा चोरी करने का मामला सामने आया है। दुकान के मालिक दिलीप कुमार मंडल ने दुकान में काम कर रहे एग्रो सीड कंपनी के स्टाफ डिंडाकोली निवासी प्रदुम कुमार मंडल, ओझाडीह गंडा निवासी पिंटू कुमार पंडित के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज कराया है।
दुकानदार का कहना है कि पिछले एक साल से दोनों आरोपितों द्वारा हेराफेरी की जा रही थी। दुकान के स्टाक में गड़बड़ी दिखने पर विक्रय पंजी से मिलान किया। इसके बाद बीज लेने वाले दुकानदार से जानकारी ली गई। संबंधित दुकानदार द्वारा बताया गया कि उन्हें कम दाम पर बीज मिल जा रहा है। जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
दिलीप मंडल ने बताया कि प्रदुम मंडल उनके गांव का ही है। पिछले दो साल से उनके दुकान में एग्रो सीड कंपनी के तहत काम कर रहे हैं। प्रदुम के पिता अरुण मंडल भी उनके दुकान में पिछले 15 साल से काम करता था। उस पर काफी विश्वास करते थे।
उन्हीं के कहने पर उनके पुत्र को भी दुकान में रखा था। लेकिन उनके विश्वास के साथ धोखा कर पिता पुत्र ने लाखों रुपए का चुना लगा दिया। वहीं पिंटू पंडित बगल के ही गांव का ही रहने वाला है। दिलीप मंडल ने कहा कि इनके बैंक खातों की जांच से मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। पुलिस मामले में जुट गई है।
पंचायत में भी नहीं बनी बात
दुकानदार दिलीप मंडल पंचायत के पूर्व मुखिया रह चुके हैं। लोगों के कहने पर उन्होंने गुरुवार की रात को सारठ में व्यवसायी अनिल कुमार राय, दिलीप चौधरी, संकुल झा, पप्पू गुप्ता, जिप सदस्य प्रतिनिधि उमाशंकर मंडल, सारठ मुखिया प्रतिनिधि अनिल राव सहित सारठ एवं डिंडाकोली पंचायत के कई गांवों के करीब 200 ग्रामीणों के साथ बैठक कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन बैठक में मामला नहीं सुलझने पर पुलिस को सूचना दी गई।
बैठक के दौरान पंचों के सामने प्रदुम ने बताया कि पिंटू पंडित ने पांच सौ रुपए पैकेट वाला बीज तीन सौ रुपए में देने पर सहमति हुई थी। प्रत्येक दिन वे पिंटू पंडित के सहयोग से अपने बैग में बीज का पैकेट भर कर गोदाम से निकाल कर बाहर अन्य दुकानों में बेचते थे। दुकानदार द्वारा पंचों के सामने प्रदुम और पिंटू का मोबाइल पर हुए बातचीत का रिकार्ड सबूत के तौर पर सामने रखा।
